इंस्टाग्राम पर भैंस खरीदने का झांसा

साइबर पुलिस ने किया मामला दर्ज

अमरावती /दि.9– अमरावती जिले में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की ठगी की है. इंस्टाग्राम पर भैंस बेचने का झांसा, बैंक खाते से अनधिकृत ट्रांजैक्शन और फर्जी जॉब लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने जैसी घटनाओं ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है.
* इंस्टाग्राम पर भैंस खरीदने के चक्कर में 1.02 लाख की ठगी
खल्लार पुलिस थाना क्षेत्र के कोलांबी निवासी 18 वर्षीय कृष्णा घाटे को इंस्टाग्राम आईडी पर भैंस बिक्री का विज्ञापन दिखाई दिया. विज्ञापन में दिए गए संपर्क नंबर पर बात करने के बाद आरोपी ने भरोसा जीतकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 लाख 2 हजार 999 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए. रकम भेजने के बाद न तो भैंस मिली और न ही आरोपी से संपर्क हो सका. ठगी का एहसास होने पर कृष्णा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
* वरुड में बैंक खाते से 1.37 लाख रुपये गायब
वरुड पुलिस थाना क्षेत्र के जारुड निवासी 28 वर्षीय वेल्डिंग व्यवसायी अश्विन कोराटे ने जब अपना फोनपे खाता जांचा तो उनके एसबीआई खाते से 99,500 रुपये कटने की जानकारी मिली. बैंक जाकर मिनी स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि खाते से 38,000 रुपये और निकाले गए हैं. बिना किसी यूपीआई पिन या अनुमति के इंटरनेट अथवा मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से कुल 1 लाख 37 हजार 500 रुपये निकाल लिए.
* फर्जी जॉब लिंक से रिटायर्ड शिक्षक का मोबाइल हैक
अंजनगांव सुर्जी में 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर ऑनलाइन नौकरी से संबंधित लिंक भेजा. लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद 29 और 30 अप्रैल को उनके खाते से क्रमशः 94 हजार रुपये और 79 हजार रुपये अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दिए गए. इस तरह साइबर ठगों ने कुल 1 लाख 73 हजार रुपये की ठगी कर ली. पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर मिलने वाले आकर्षक विज्ञापनों, अज्ञात लिंक और संदिग्ध कॉल्स से सतर्क रहने की अपील की है.

Back to top button