फर्जी कर्जमाफी के विरोध में शासन निर्णय की होली
किसानों ने किया प्रदर्शन

चांदूर बाजार/दि.9 – लोकविकास संगठन के नेतृत्व में मंगलवार को तहसील कार्यालय चांदूर बाजार के समक्ष महाराष्ट्र सरकार द्वारा घोषित कर्जमाफी योजना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने उपस्थित रहकर कर्जमाफी संबंधी शासन निर्णय की प्रतीकात्मक होली जलाकर सरकार की कथित फर्जी एवं शर्तों से बंधी कर्जमाफी का निषेध किया.
प्रदर्शन के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक निवेदन तहसील प्रशासन को सौंपा. निवेदन में मांग की गई कि कर्जमाफी योजना में लागू वर्ष 2019 की शर्त को तत्काल रद्द किया जाए तथा 31 मार्च 2025 तक के सभी बकाया कृषि ऋणों को बिना किसी भेदभाव के माफ किया जाए. किसानों का कहना था कि प्राकृतिक आपदाओं, बेमौसम बारिश, सूखा, ओलावृष्टि, खेती की बढ़ती लागत और कृषि उत्पादों के उचित मूल्य न मिलने के कारण किसान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. ऐसे में वर्तमान कर्जमाफी योजना की कठोर शर्तों के कारण लाखों किसान इसके लाभ से वंचित रह जाएंगे.
निवेदन में यह भी मांग की गई कि जिन किसानों ने नियमित रूप से अपने कृषि ऋणों का भुगतान किया है, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप कम से कम 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि ईमानदारी से ऋण चुकाने वाले किसानों के साथ अन्याय न हो. लोकविकास संगठन ने सरकार से कर्जमाफी प्रक्रिया को सरल बनाने, सभी प्रतिबंधात्मक शर्तें हटाने तथा किसान संगठनों से चर्चा कर संशोधित शासन निर्णय जारी करने की मांग की है. प्रदर्शन में क्षेत्र के अनेक किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे.





