लाडली बहनों के हजारों आवेदन जलकर राख
नांदगांव खंडेश्वर के एकात्मिक बालविकास विभाग कार्यालय में भीषण आग

नांदगांव खंडेश्वर /दि.9 – नांदगांव खंडेश्वर तहसील के पंचायत समिति कार्यालय परिसर में स्थित एकात्मिक बालविकास सेवा योजना अथवा आईसीडीएस विभाग के कार्यालय को सोमवार दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई. इस आग में विभाग के सभी कागजपत्र, बेबी किड्स, सर्विस रजिस्टर, फर्निचर, अलमारी और लाडली बहनों के हजारों आवेदन समेत साहित्य पूरी तरह जलकर राख हो गया. भाग्यवश इसमें कोई जीवितहानि नहीं हुई. अग्निशमन दल व नागरिकों के अथक परिश्रम के बाद एक घंटे में आग काबू में की गई.
8 जून सोमवार दोपहर 2 बजे के दौरान कार्यालय से धुआ निकलता हुआ कर्मचारियों को दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने भीषण रुप धारण कर लिया और खिडकी से आग की लपटे बाहर निकलने लगी. घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव खंडेश्वर नगर पंचायत के दमकल कर्मी तत्काल घटनास्थल पर आ पहुंचे. अग्निशमन दल के जवानों ने आग को काबू में करने का प्रयास शुरु किया. इस अवसर पर पंचायत समिति के कर्मचारी और परिसर के नागरिकों ने भी दमकल कर्मियों की सहायता की. आग किस कारण लगी, यह पता नहीं चल पाया है. लेकिन कार्यालय का विद्युत प्रवाह दो दिन पूर्व ही भीतर निकालकर बंद किया गया था. आग में आईसीडीएस अंतर्गत आने वाली अंगनवाडियों का रिकॉर्ड, लाभार्थियों की जानकारी, संगणक, प्रिंटर, अलमारी, कुर्सी, टेबल व अन्य महत्वपूर्ण साहित्य पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस आग से लाखों रुपयों का नुकसान होने का प्राथमिक अनुमान लगाया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही गट विकास अधिकारी व पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल भेंट देकर जायजा किया. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया है. अग्निशमन विभाग आग के कारणों की जांच कर रही है. आईसीडीएस यह योजना अंगनवाडी सेविका, गर्भवती महिला व 0 से 6 वर्ष की आयु के बालकों के स्वास्थ्य, पोषण व शिक्षा से संबंधित है. इस कारण जले हुए कगजपत्रों की प्रति तैयार करना और डेटा फिर से संकलित करना यह प्रशासन के सामने बडी चुनौती रहने वाली है. आग लगने के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी.





