15 हजार से ज्यादा राशन कार्डधारकों का मुफ्त अनाज रोका
छह महीने से राशन नहीं उठाने वाले कार्डों पर कार्रवाई

ई-केवायसी पूरा नहीं करने पर कार्ड होंगे निष्क्रिय
अमरावती/दि.30 – लगातार छह महीने से सरकारी राशन का अनाज नहीं उठाने वाले राशन कार्डधारकों पर आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जिले में ऐसे 15,224 राशन कार्डधारकों का मुफ्त राशन फिलहाल रोक दिया गया है. आपूर्ति विभाग ने 22 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कार्डधारकों को निर्धारित अवधि में परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवायसी पूरा करना होगा, अन्यथा राशन कार्ड से अनाज उठाने की सुविधा बंद रहेगी.
* हर महीने होगी राशन कार्डों की समीक्षा
आपूर्ति विभाग के मुताबिक जिन राशन कार्डों से लगातार छह महीने तक अनाज नहीं उठाया गया है, उनकी हर महीने 21 तारीख को समीक्षा की जाएगी. ऐसे कार्ड अगले महीने की 1 तारीख से स्वतः निष्क्रिय किए जाएंगे. हालांकि, निष्क्रिय राशन कार्ड राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की प्रणाली में दिखाई देते रहेंगे, लेकिन इन कार्डों के माध्यम से अनाज उठाने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. संबंधित कार्डधारकों को नोटिस देकर परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवायसी पूरा करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा.
* डुप्लीकेट लाभार्थियों पर भी कार्रवाई
आपूर्ति विभाग ने डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें भी निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की है. संबंधित राशन कार्ड के मुखिया को एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी और ई-केवायसी पूरा करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा. निर्धारित अवधि में ई-केवायसी पूरा नहीं होने पर संबंधित डुप्लीकेट लाभार्थी का रिकॉर्ड राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले लाभ से बाहर कर दिया जाएगा.
* सभी सदस्यों का ई-केवायसी जरूरी
जिला आपूर्ति विभाग ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर परिवार के प्रत्येक सदस्य का ई-केवायसी पूरा कराएं. विभाग का कहना है कि निष्क्रिय राशन कार्ड और डुप्लीकेट लाभार्थियों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. जिले के सभी राशन कार्डधारकों को अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवायसी निर्धारित समय में पूरा करना जरूरी है. डुप्लीकेट लाभार्थियों को भी प्रक्रिया पूरी करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा.
– प्रज्वल पाथरे, जिला आपूर्ति अधिकारी
* तहसीलनिहाय इतने कार्डों पर कार्रवाई
अचलपुर 1,627
अमरावती (ग्रामीण) 1,653
अमरावती एफडीओ 4,501
अंजनगांव सुर्जी 631
चांदूर बाजार 1,532
चांदूर रेलवे 574
चिखलदरा 461
दर्यापुर 692
धामणगांव रेलवे 629
धारणी 982
मोर्शी 661
नांदगांव खंडेश्वर 680
भातकुली 527
तिवसा 357
वरुड 243





