शिरजगांव में दो लाख का सरकारी चावल जब्त
जमाखोरों के विरुद्ध पुलिस में केस

अमरावती /दि.12 – शिरजगांव कस्बा के डोबानपुरा परिसर में आपूर्ति विभाग ने एक गोदाम पर छापा मारकर 1 लाख 97 हजार का सरकारी चावल जब्त किया. इस बारे में जमाखोर कमलेश्वर मनोहर केदार (50) के विरुद्ध पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया है.
चांदूर बाजार तहसील कार्यालय के आपूर्ति निरीक्षक जीतेंद्र पाटिल की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया. केदार की गांव के डोबानपुरा में कार्तिक साई ट्रेडर्स नाम से दुकान है. वहां जांच करने पर आपूर्ति विभाग ने 50 किलो वजन के 86 कट्टे अर्थात 47 क्विंटल 22 किलो चावल बरामद किया. यह चावल सरकारी राशन दुकानों से ग्राहकों को वितरीत किये जाने वाले गुणवत्तापूर्ण चावल बताये जा रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि, आपूर्ति विभाग ने गत एक वर्ष में जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 8 लाख 13 हजार का माल जब्त कर 5 मामले दर्ज किये. 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. चावल के अलावा सिलेंडर और वाहन जब्त किये गये.