सिद्धिविनायक मंदिर का ‘ग्रैंड ट्रांसफॉर्मेशन’
भूमिपूजन के बाद सीएम फडणवीस ने साझा किया आराखड़ा

मुंबई/दि.26 – श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने मुंबई के प्रसिद्ध ‘श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर’ के शिरपेच में अब एक और मान का तुरा जुड़ने जा रहा है. मंदिर परिसर का चेहरा बदलने वाले अत्यंत महत्वाकांक्षी ‘सौंदर्यीकरण प्रकल्प’ के पहले चरण का आज भूमिपूजन किया गया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रमुख उपस्थिति में यह समारोह संपन्न हुआ. इस प्रकल्प के कारण आने वाले समय में बप्पा के दरबार का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और देश-विदेश से आने वाले गणेश भक्तों की दर्शन यात्रा अधिक सुगम और हाईटेक हो जाएगी.
* ऐसा दिखेगा मंदिर परिसर
प्रकल्प पूरा होने के बाद सिद्धिविनायक मंदिर परिसर कितना भव्य और दिव्य दिखाई देगा, इसकी पहली झलक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है. मंदिर के नए भव्य आराखड़े की तस्वीरें मुख्यमंत्री ने साझा करते हुए कहा, बप्पा का परिसर एक नए रूप के लिए तैयार है.
* भक्तों के लिए ‘विशेष कॉरिडोर’
सिद्धिविनायक मंदिर में प्रतिदिन होने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, आने वाले समय में भीड़ प्रबंधन को अधिक सरल और व्यवस्थित बनाया जाएगा. इसके लिए मंदिर परिसर में एक ‘विशेष कॉरिडोर’ बनाया जाएगा. इस कॉरिडोर में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए अलग-अलग आधुनिक सुविधाएं होंगी. केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि परिसर की सड़कें, वीआईपी और सामान्य कतारों की नई व्यवस्था तथा बुनियादी सुविधाओं का स्तर अंतरराष्ट्रीय स्तर का किया जाएगा.
* कम समय में बप्पा के दर्शन, सुरक्षा कवच
देश-विदेश से आने वाले करोड़ों गणेश भक्तों को अत्यंत सुगमता से और बहुत कम समय में बप्पा के दर्शन मिल सकें, यही इस सौंदर्यीकरण प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य है, ऐसा प्रशासन की ओर से बताया गया. इसके साथ ही मंदिर की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है. हाईटेक सुरक्षा प्रणाली के कारण श्रद्धालु अब निर्भय होकर और शांति से दर्शन कर सकेंगे.
* दिव्य आध्यात्मिक अनुभूति’
इस महत्वाकांक्षी कार्य के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद यहां दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक प्रसन्न, पवित्र वातावरण और एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी. इस मंगलमय समारोह में राजनीतिक नेताओं के साथ मंदिर प्रशासन की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली. मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष सदा सरवणकर, विधायक कालिदास कोळंबकर, प्रसाद लाड, मुंबई की महापौर रीतू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी और कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी सहित न्यास के सभी विश्वस्त बड़ी संख्या में उपस्थित थे.





