नागपुर में फिर घर में मृत मिले मां-बेटी
नंदनवन थाना क्षेत्र थर्राया

* पाहूजा के घर किराए से रहते थे चावला
नागपुर/दि.26 – हिवरीनगर परिसर में रविवार को एक वृद्ध महिला और उसकी बेटी का सड़ा-गला शव मिला. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना नंदनवन पुलिस थाने की सीमा में हुई. पिछले एक महीने में मां-बेटी के शव मिलने की यह तीसरी घटना है. आश्चर्य की बात यह है कि तीनों घटनाएं नंदनवन पुलिस थाने की सीमा में ही हुई हैं.
लाजवंती टेकचंद चावला (70, एलआईजी क्वॉर्टर, हिवरीनगर) और उनकी बेटी योगिता टेकचंद चावला (50) मृतकों के नाम हैं. दोनों कुमार राधेश्याम पाहुजा के घर किराए पर रहती थीं. लाजवंती के पति का निधन हो चुका था. दोनों मां-बेटी एक धार्मिक स्थल की मदद से अपना जीवनयापन करती थीं. वे किसी भी पड़ोसी से संपर्क नहीं रखती थीं. पिछले तीन से चार दिनों से वे घर से बाहर भी नहीं निकली थीं. पड़ोसियों ने घर से बदबू आने की जानकारी पाहुजा को दी. लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पाहुजा ने पुलिस को सूचना दी. नंदनवन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा.
अंदर दोनों के शव पड़े हुए थे. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. चावला मां-बेटी का एक रिश्तेदार सूर्यनगर इलाके में रहता है, जिसे इस बारे में सूचना दे दी गई है. 1 मई को व्यंकटेशनगर में संगीता श्रीराम ढबाले (52) और उनकी बेटी आकांक्षा लोकेश ब्रहो (29) के शव मिले थे. उन्होंने आत्महत्या की थी. वहीं 6 मई को गाडगेनगर इलाके में तुलसाबाई माधवराव वाढई (65) और संगीता माधवराव वाढई (48) के शव मिले थे.





