शहर में 20 करोड के हेलमेट खपे

युवाओं को दिखा अच्छा अवसर

* 200 से अधिक स्टॉल लगे हैं
* प्रमुख कंपनियों के साथ ही चालू माल की भी विक्री
अमरावती/दि.25 – यातायात पुलिस विभाग द्बारा 24 जुलाई से दुपहिया चालकों को हेलमेट कंपलसरी किए जाने का शहरवासियों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया. तभी तो शहर में गत चार दिनों के भीतर 20 करोड से अधिक मूल्य के लाखों हेलमेट की विक्री हो गई. अभी भी शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रमुख दुकानों और ऑटो मोबाइल स्टोर के अतिरक्त करीब 200 स्टॉल लगे है और वहां लगातार ग्राहक पसंद का हेलमेट खरीद रहे हैं. हेलमेट का यह कारोबार 50 करोड तक पहुंचने की पूरी संभावना जानकार व्यक्त कर रहे हैं.
* युवाओं को दिखा अवसर
युवा वर्ग ने हेलमेट विक्री का अवसर तत्काल भांप लिया. पासपडोस के नगरों और ग्रामों से सैकडों युवक कंपनियों के अधिकृत वितरकों के पास पहुंचे. उन्होंने बल्क में माल उठाया और अपने साथियों को हायर कर विभिन्न प्रमुख मार्गो एवं चौराहों के पास स्टॉल सजा दिए. उनका फंडा काम आया. दुकानों पर चढने की बजाय सामान्य अमरावतीवासियों ने अपनी जेब को मुनासिब लगे ऐसे 400 से लेकर 700-800 रूपए में मिल रहे शिरस्त्रान अर्थात हेलमेट खरीद लिए. यातायात सिपाही के द्बारा चालान किए जाने के डर से ही ऐसे हेलमेट की काफी प्रमाण में विक्री होने की जानकारी इन युवाओ ने दी.
* आईएसआई मार्क और ब्रांड
स्टील बर्ड और स्टर्डस सहित अनेक प्रसिध्द नामी कंपनियां एक से बढकर एक हेलमेट लेकर मार्केट में उतरी है. आइएसआइ मार्क के हेलमेट सुरक्षित होने का दावा किया जा रहा है. ब्रांडेड हेलमेट 1 हजार से लेकर 5 हजार तक उपलब्ध है और बडी मात्रा में खरीदे जा रहे है. विशेषकर युवतियों के लिए नानाविध रंगों में हेलमेट की रेंज उपलब्ध कराई गई है. युवतिया काफी प्रमाण में दुपहिया, स्कूटर चला रही है. अत: उनके लिए हेलमेट अनिवार्य हो जाने से खास महिलाओं के लिए बनाए गये रंग-बिरंगे हेलमेट काफी प्रमाण में बिके है. अभी भी अच्छी खासी डिमांड बनी हुई है.
ट्रक हो रहे खाली
ट्रक के ट्रक माल हेलमेट के खाली हो रहे हैं. हेलमेट विक्रेताओं ने बताया कि अभी चार दिनों में ही करीब 20 ट्रक माल अमरावती में हेलमेट का खप चुका है. अभी भी लाखों लोग हेलमेट के बगैर दुपहिया चला रहे है. जिसके कारण आनेवाले कई दिनों तक हेलमेट की विक्री चरम पर रहने की संभावना देखी जा रही है. शहर के प्रमुख ऑटोमोबाइल स्टोर संचालकों ने ब्रांडेड हेलमेट का स्टॉक कर रखा है. अमरावती मंडल से चर्चा दौरान स्टोर संचालक ने बताया कि अच्छा रिस्पॉन्स विक्री का है. उन्होेंने ही दो दिनों में 500 से अधिक यूनिट बेच दिए हैं. लोग आयएसआय मार्क का ब्रांडेड हेलमेट पसंद कर रहे हैं, सहर्ष धारण कर रहे हैं. दुपहिया चलाते समय दुर्घटना होने की स्थिति में मस्तिष्क को सही सलामत रखने के लिए हेलमेट चाव से खरीदे जा रहे है. अनेक अभिभावक अपने पाल्यों को हेलमेट फ्री वाली दुपहिया पसंद कर रहे है.

Back to top button