समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, 1 की मौत, 3 घायल

ट्रक चालक ने मनाही के बावजूद सड़क पर खड़ा किया ट्रक, कार की जोरदार टक्कर

बुलढाणा/दि.8 – बीती रविवार मध्यरात्रि समृद्धि महामार्ग पर खड़े एक मालवाहक वाहन (ट्रक) को कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए. आंध्रुड शिवार के चैनल नंबर 273.02 के पास यह दुर्घटना हुई. प्राथमिक अनुमान है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. इस दुर्घटना में कृष्णा संगीत राठौड़ (उम्र 26, निवासी सोमनाथनगर, तालुका मानोरा, जिला वाशिम) की मौके पर ही मौत हो गई है.
हेमंत अर्जुन चव्हाण (उम्र 38, निवासी मोख, ता. दिग्रस, जि. यवतमाल) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उनके रिश्तेदार कार (क्र. एमएच-29-बीपी-5543) से समृद्धि महामार्ग पर यात्रा कर रहे थे. इस दौरान, आंध्रुड शिवार में चैनल नंबर 273.02 के पास ट्रक (क्र. एमएच-15-बीजे-7665) के चालक ने महामार्ग पर वाहन खड़ा किया था. महामार्ग पर पार्किंग की अनुमति न होने के बावजूद ट्रक सड़क पर खड़ा किया गया था. साथ ही, रात के समय वाहन दूर से दिखाई दे, इसके लिए न तो कोई इंडिकेटर चालू रखा गया था और न ही आवश्यक रिफ्लेक्टिव (परावर्तित) संकेत ही लगाए गए थे. अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ा ट्रक कार चालक को दिखाई नहीं दिया, जिससे कार ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. कार के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़े टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में कृष्णा संगीत राठौड़ की मौके पर ही मौत हो गई. कार में सवार कम से कम तीन रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है.
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डोनगांव पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया. उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस ने ’ई-साक्ष्य’ दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

Back to top button