इंस्टाग्राम पर पहचान, प्यार और फिर ब्लैकमेल

नाबालिग का निजी वीडियो वायरल

अमरावती/दि. 25– इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध बनाने और उसका निजी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. रिश्ता खत्म करने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लड़की पर दोबारा संपर्क बनाए रखने का दबाव बनाया. बाद में आरोपी ने उसका निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस मामले में दत्तापुर पुलिस ने 23 सितंबर को भुसावल निवासी आरोपी नकुल विनोद कल्याणे (19) के खिलाफ पोक्सो अधिनियम और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी और पीड़ित नाबालिग लड़की की करीब दस महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी. इसके बाद दोनों लगातार बातचीत करने लगे और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए. इस दौरान दोनों की वर्धा में चार बार मुलाकात हुई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने एक होटल में लड़की का निजी वीडियो बना लिया और उसके मोबाइल से कुछ फोटो भी अपने पास रख लिए. कुछ समय बाद लड़की को आरोपी की गतिविधियों पर संदेह होने लगा. इसके बाद उसने उससे संबंध खत्म करने का फैसला किया और आरोपी का इंस्टाग्राम, वॉट्सएप तथा मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया.
* रिश्ता खत्म किया तो दी वीडियो वायरल करने की धमकी
जानकारी के मुताबिक संपर्क टूटने से नाराज आरोपी ने लड़की को धमकाना शुरू कर दिया. आरोपी कथित तौर पर कहता था कि यदि उसने उससे बातचीत नहीं की तो वह उसका निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसे बदनाम कर देगा. शुरुआत में लड़की ने इन धमकियों को नजरअंदाज किया, लेकिन आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती गईं. आरोप है कि आरोपी बार-बार लड़की से संपर्क करने और उसका पीछा करने की कोशिश करता रहा. 22 सितंबर को उसने लड़की के पिता और चाचा से भी संपर्क कर धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह निजी वीडियो वायरल कर देगा.
* आखिरकार पुलिस से की शिकायत
लगातार मिल रही धमकियों के बीच आरोपी ने कथित तौर पर लड़की का निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके बाद लड़की को मानसिक परेशानी और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ा. आखिरकार उसने दत्तापुर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी नकुल विनोद कल्याणे के खिलाफ पोक्सो अधिनियम और छेड़छाड़ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच एएसआई नंदा कुंभलकर कर रही हैं.
* जिले में छेड़छाड़ के 185 मामले दर्ज
अमरावती जिले में 1 जनवरी से 23 सितंबर तक छेड़छाड़ के कुल 185 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें करीब 60 प्रतिशत मामले सोशल मीडिया से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है.

Back to top button