एसटी के एनसीएमसी कार्ड का ब्लैक किया तो खैर नहीं

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का विक्रेताओं को चेतावनी

* कई लाईसेंस रद्द करने का दावा
मुंबई /दि.6- एसटी महामंडल की ओर से रियायती यात्रियों को दिए जाने वाले ‘एनसीएमसी’ स्मार्ट कार्डों की बिक्री में पारदर्शिता लाने के लिए राज्य सरकार आक्रामक हो गई है. इन कार्डों को आधिकारिक दर से ज्यादा कीमत पर बेचने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस तुरंत रद्द करने के निर्देश परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दिए हैं. राज्यभर में 3000 से अधिक विक्रेताओं के माध्यम से इन कार्डों का वितरण जारी है, लेकिन कुछ स्थानों पर यात्रियों से लूट होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसका प्रशासन ने गंभीर संज्ञान लिया है.
नए एनसीएमसी कार्ड लेने वाले यात्रियों के लिए 199 रुपये, जबकि पहले से स्मार्ट कार्ड रखने वाले यात्रियों के लिए 149 रुपये की दर तय की गई है. हालांकि, कुछ अधिकृत विक्रेताओं द्वारा रियायती यात्रियों को ज्यादा कीमत पर कार्ड बेचने की शिकायतें मिली हैं. इस पृष्ठभूमि में, अधिक दर वसूलने वाले लाइसेंसधारक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाएंगे, ऐसा स्पष्ट चेतावनी परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दी है. इसके अनुसार, कुछ विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए जाने की जानकारी भी मंत्री प्रताप सरनाईक ने दी.
* डिजिटल यात्रा की ओर एसटी का कदम
इस बीच, एसटी महामंडल ने यात्रियों को दी जाने वाली रियायतों को अधिक सुसंगत, पारदर्शी और डिजिटल तरीके से देने के लिए एनसीएमसी कार्ड प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है. फिलहाल महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ‘अमृत’ वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण और कार्ड वितरण प्रक्रिया शुरू है, और चरणबद्ध तरीके से अन्य रियायती यात्रियों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा.

Back to top button