जहर का अवैध धंधा बेनकाब
अमरावती में ई-सिगरेट के कारोबार का भंडाफोड, एक गिरफ्तार

* केडिया नगर के फ्लैट से 55 ई-सिगरेट समेत 2.75 लाख रुपए का माल जब्त
* अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.26 – अमरावती शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.75 लाख रुपये मूल्य की 55 ई-सिगरेट जब्त की हैं. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम केडिया नगर निवासी आशीष बाबूराव कडू (40) है.
पुलिस के अनुसार युवाओं को नशे की गिरफ्त में ढकेलने की साजिश नाकाम करने के लिए शहर में अवैध रूप से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री और भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की.
* फ्लैट में छापा, बड़ी मात्रा में ई-सिगरेट बरामद
शुक्रवार 26 जून को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आशीष बाबूराव कडू (40) ने केडिया नगर स्थित गजानन टावर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 501 में बिक्री के उद्देश्य से शासन द्वारा प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का अवैध स्टॉक जमा कर रखा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फ्लैट पर छापा मारा. तलाशी के दौरान स्टोर रूम में रखे एक बॉक्स से विभिन्न फ्लेवर की ‘सेल्फबार राया एस-1 रिचार्जेबल डिस्पोजेबल’ ब्रांड की 55 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद हुईं. जब्त माल की अनुमानित कीमत 2 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है.
* आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से केडिया नगर निवासी आशीष बाबूराव कडू (40) को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 275 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण एवं विज्ञापन निषेध) अधिनियम, 2019 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अतुल वर, दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में एपीआई महेश इंगोले, मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, पीएसआई गजानन सोनुने, हेडकांस्टेबल सुनील लासुरकर, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, आस्तिक देशमुख, मनोज ठोसर, मंगेश परिमल, सचिन बहाले, जहीर शेख, मिर्जा नईम बेग, अतुल संभे, विकास गुडधे, विशाल वाकपांजर, योगेश पवार, राजीक रायलीवाले, चेतन गुल्हाने, चालक संदीप खंडारे, राहुल दुधे के दल ने की.