‘उस’ मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशान

हत्या को लेकर संदेह गहराया, डॉक्टर का ओपिनियन मिलना बाकी

* मामले की जांच में अब अपराध शाखा की भी एंट्री, जांच ने पकडी रफ्तार
* गत रोज डॉ. वजीर पटेल की संस्था के अस्पताल में पानी की टंकी से मिली थी लाश
अमरावती/दि.14- स्थानीय नागपुरीगेट पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पठान चौक परिसर में डॉ. वजीर पटेल की संस्था द्बारा स्थापित अस्पताल की लंबे समय से बंद पडी इमारत की छत पर लगी पानी की टंकी में से गत रोज एक व्यक्ति की सडी गली लाश बरामद हुई थी. जिसके चलते पूरे परिसर में अच्छा खासा हडकंप मच गया था. साथ ही अब यह जानकारी सामने आयी है कि मृतक व्यक्ति के शरीर पर पोस्टमार्टम के दौरान चोट के कुछ निशान पाए गए हैं. जिससे यह अंदेशा गहरा रहा है कि संभवत: उस व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को सुनसान पडी इमारत की छत पर लगी पानी की टंकी में लाकर डाला गया होगा. हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं डॉक्टर की राय मिलना बाकी हैं. उसके चलते फिलहाल इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता. वहीं इस बीच अब इस मामले की जांच पडताल में नागपुरी गेट पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा को भी शामिल कर लिया गया हैं. जिसके चलते अपराध शाखा के दल ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए अपने स्तर पर मामले की समानांतर जांच करनी शुरू कर दी हैं.
बता दें कि स्थानीय खदान चौक परिसर में ख्यातनाम समाजसेवी डॉ. वजीर पटेल की संस्था द्बारा कई वर्ष पहले एक धर्मार्थ अस्पताल शुरू किया गया था. जो विगत लंबे समय से बंद पडा हुआ हैं. इसी अस्पताल की विरान व सुनसान पडी इमारत की छत पर पानी की दो टंकिया रखी हुई हैं. गत रोज दोपहर जब इस परिसर में अचानक ही तेज बदबू फैलनी शुरू हुई तो क्षेत्र के एमआईएम पार्षद सैयद राशीद अली व सामाजिक कार्यकर्ता वाहीद खान ने दुर्गंध के स्त्रोत का पता करते हुए अस्पताल की छत पर जाकर देखा और छत पर लगी पानी की दोनो टंकियों को खोला गया, तब पानी की एक टंकी में एक व्यक्ति की सडी गली लाश पडी दिखाई दी. इसकी जानकारी तुरंत ही नागपुरी गेट पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर जिला शवागार में भिजवाया. जहां पर हुए पोस्टमार्टम के जरिए पता चला की मृतक व्यक्ति के शरीर पर जख्म के निशान हैं. हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि वे जख्म किस वजह के चलते हुए थे. ऐसे में पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. जिसके तहत सबसे पहले तो यह पता लगाया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति कौन था और उसका शव अस्पताल की बंद पडी इमारत की छत पर लगी पानी की टंकी में कैसे पहुंची.

Back to top button