हज यात्रा के लिए पहली उड़ान में चयनित हुए इकबाल अहमद खान

नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले व पार्षद बबलू शेखावत ने मनपा में सहपरिवार किया सम्मान

अमरावती/दि.17- महाराष्ट्र से हज यात्रा के लिए शुरू हो रही पहली विमान सेवा में अमरावती शहर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इकबाल अहमद खान, उनकी पत्नी तथा पुत्र मोयुद्दीन खान का आज अमरावती महानगरपालिका में भव्य सम्मान किया गया. इस अवसर पर मनपा के विरोधी पक्ष नेता विलास इंगोले एवं अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत ने इकबाल अहमद खान एवं उनके परिवार का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सत्कार किया.
कार्यक्रम में बोलते हुए विरोधी पक्ष नेता विलास इंगोले ने कहा कि महाराष्ट्र की पहली हज उड़ान में अमरावती से प्रथम चयन होना गौरव की बात है. हज एक पवित्र यात्रा है और इस पुण्य अवसर पर इकबाल अहमद खान का सम्मान करना हमारे लिए खुशी की बात है. उन्होंने उनके सफल और सुरक्षित हज यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दीं. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत ने कहा कि अमरावती शहर से पहली बार हज यात्रा के लिए विमान से जाने वाले इकबाल अहमद खान स्वयं को सौभाग्यशाली मान सकते हैं. उन्होंने कहा कि पूरे शहर के सभी धर्मों के लोगों की ओर से उन्हें इस पवित्र यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी जाती हैं.
इस मौके पर फय्याजुद्दीन खान, अब्दुल जमीर बाबूसाहेब, हाजी हसनोद्दीन खान, मौलवी मुश्ताक अशरफ साहेब, मौलवी कारी साजिद साहेब, हाजी तौसिन खान, मुजिफ अनवर, एजाज अहमद, यासिर इक्रान खान, अजहब खान, अफजान मुमताज अहमद खान, तौसिफ शेख, हाफिज शायर सलीम दर्यापुरी, रेहान अहमद (मुजफ्फर मामू के भतीजे), सुफियान इकबाल खान सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में इकबाल अहमद खान ने सभी उपस्थितों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हज यात्रा के लिए प्रथम अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है और सभी की दुआएं उनके साथ हैं.

Back to top button