जिजाऊ ब्रिगेड का छात्र आंदोलन को समर्थन
जंतर-मंतर पर डटे हैं सीजेपी और विद्यार्थी

अमरावती/दि.23- नीट के पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष और तत्काल जांच की मांग करते हुए जिजाऊ ब्रिगेड ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरु सीजेपी और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया. ब्रिगेड की मयूरा देशमुख के नेतृत्व में यहां जिला प्रशासन को निवेदन सौंपा गया. निवेदन में विद्यार्थी आंदोलन पर किए गए लाठीचार्ज का विरोध दर्शाया गया. ब्रिगेड की अन्य पदाधिकारी भी इस समय मौजूद थी.
मयूरा देशमुख ने कहा कि, विद्यार्थी हित, न्याय और उज्वल भविष्य के लिए संगठन का समर्थन और सहयोग सदैव रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि, दिल्ली में पुलिस ने शांतिपूर्ण मोर्चा निकालने वाले विद्यार्थियों पर पानी की बौछार की. आंसू गैस के गोले छोडे, फिर लाठीचार्ज किया. जबकि आंदोलन में विद्यार्थी और उनके पैरेंट्स सहभागी थे. सीजेपी का आंदोलन 20 दिनों से चल रहा था. दिल्ली पुलिस ने नाहक हिंसा करने का आरोप मयूरा देशमुख ने किया. निवेदन में कहा गया कि, लाठीचार्ज और संपूर्ण घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. मोर्चा दौरान डिटेन विद्यार्थियों को तत्काल रिहा किए जाने की मांग भी उन्होंने की.





