डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आदर्श शिक्षिका पुरस्कार से कायनात तबस्सुम सम्मानित

मनपा स्कूल नंबर 5 फ्रेजरपुरा की सहायक शिक्षिका को शिक्षक दिवस कार्यक्रम में मिला सम्मान

अमरावती/दि.10- मनपा स्कूल नंबर 5, फ्रेजरपुरा में कार्यरत सहायक शिक्षिका कायनात तबस्सुम अय्यूब खान को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आदर्श शिक्षिका पुरस्कार से सम्मानित किया गया. शिक्षक दिवस के अवसर पर बडनेरा रोड स्थित महेंद्र लॉन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.
कार्यक्रम में मनपेा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, उपमहापौर सचिन भेंडे, शिक्षण सभापति प्रीती रेवणे, गटनेता अब्दुल हमीद तथा नगरसेवक नजीब करीम खान के हाथों कायनात तबस्सुम को पुरस्कार प्रदान किया गया. इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक शिक्षक, शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. कायनात तबस्सुम अय्यूब खान मूल रूप से मुर्तिजापुर की निवासी हैं. उन्होंने वर्ष 2006 से मनपा के शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं देना शुरू किया. पिछले कई वर्षों से वे मनपा स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं. उनके कार्य, विद्यार्थियों के प्रति लगाव और शिक्षण के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया.
पुरस्कार प्राप्त होने पर कायनात तबस्सुम ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके विद्यार्थियों, सहकर्मियों और परिवार के लिए भी गौरव का क्षण है. उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यार्थियों और पति को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार से मिले प्रोत्साहन और विद्यार्थियों के विश्वास ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि शिक्षक का काम केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा देना भी है. विद्यार्थियों की प्रगति और उनके चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी ही एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है.
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कायनात तबस्सुम को पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया. मनपा स्कूल नंबर 5 की शिक्षिका कायनात तबस्सुम को मिले इस सम्मान से स्कूल परिवार और उनके विद्यार्थियों में भी खुशी का माहौल है. उनके सम्मान को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और निष्ठा से कार्य करने वाले अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है.

Back to top button