पूर्व मंत्री के यहां काम करने वाले कर्मचारी से लूटपाट का प्रयास
बाइक सवार 6 युवकों ने चाकू की नोंक पर मोबाइल और सोने का लॉकेट झपटा

* यशोमती ठाकुर का नाम सुनते ही लूटा माल लौटाया
अमरावती/दि.10– फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के गणेडीवाल ले-आउट स्थित पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर के निवास पर काम करने वाले कर्मचारी को बुधवार 9 सितंंबर की रात विश्रामगृह के सामने बाइक सवार 6 अज्ञात युवकों ने चाकू की नोंक पर लूट लिया. लेकिन संबंधित कर्मचारी द्वारा यशोमति ठाकुर का नाम लिये जाने पर लूटेरे युवकों ने मोबाइल पर सोने का लॉकेट लौटाकर पलायन कर लिया. यह घटना प्रकाश में आने के बाद हडकंप मच गया है. फे्रजरपुरा पुलिस सीसीटीवी फूटेज खंगालकर लूटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता एड. यशोमति ठाकुर के गणेडीवाल ले-आउट स्थित निवासस्थान पर कार्यरत कर्मचारी बरेकुमार ज्योतिष मंडल (19) नामक कर्मचारी बुधवार 9 सितंबर की रात 9.30 बजे के दौरान हर दिन की तरह दुपहिया वाहन पर सवार होकर चपराशीपुरा चौक में दूध लाने के लिए गया था. दूध डेअरी से दूध लेने के बाद वह वापस लौट रहा था, तब रात के अंधेरे में विश्राम भवन के सामने 3 मोटर साइकिल पर सवार 6 युवकों ने उसे रोका. चाकू और ब्लेड दिखाते हुए बरेकुमार से मोबाइल और सोने का लॉकेट झपट लिया. इस घटना से भयभीत हुए बरेकुमार ने लूटेरों को पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर के यहां कार्यरत रहने की जानकारी दी. चेहरे पर दुपट्टा बांधे हुए इन युवकों ने यशोमती ठाकुर का नाम सुनते ही मोबाइल फोन और लॉकेट बरेकुमार को वापिस लौटा दिया और वहां से रफू चक्कर हो गये. लूटेरों के फरार होते ही कर्मचारी ने घटना की जानकारी अपनी मालकीन पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर को दी. पश्चात फ्रेजरपुरा पुलिस को जानकारी दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस आयुक्त राकेश ओला और उपायुक्त यशवंत सोलंके समेत अन्य अधिकारी भी वहां आ पहुंचे. फ्रेजरपुरा के डीबी स्क्वॉड व क्राइम ब्रांच के दल ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु कर दिये. देर रात तक पुलिस लूटेरों की तलाश करने में जुटी हुई थी. एड. परवेज खान के कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के अलावा परिसर के प्रतिष्ठानों पर लगे कैमरे के फूटेज खंगालकर पुलिस लूटेरे किस दिशा की तरफ भागे. इस बाबत जानकारी लेने में जुटी हुई थी. यशोमति ठाकुर रात 1 बजे के दौरान फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन पहुंची. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी इस घटना को लेकर बातचीत की. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





