चलती ट्रेन से गिरकर मजदूर की मौत
मालखेड रेल लाइन पर मांजरखेड़ के पास हादसा

दुर्गा उत्सव के लिए गांव लौट रहा था परिवार
अमरावती /दि.1– चांदूर रेलवे से मालखेड रेलवे लाइन पर मांजरखेड़ के पास चलती ट्रेन से गिरकर 36 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. मृतक का नाम छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर जिले में आनेवाले जैतपुर निवासी रामदेव सियाराम मैना है. हादसा 29 सितंबर की रात करीब 2.30 बजे हुआ.
जानकारी के मुताबिक रामदेव अपने परिवार और साथियों के साथ मजदूरी का काम पूरा करने के बाद सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 13426) से अकोला से बिलासपुर जा रहे थे. दुर्गा उत्सव के लिए वे अपने गांव लौट रहे थे. यात्रा के दौरान रामदेव रात करीब 2.30 बजे शौचालय जाने के लिए उठे. इसी दौरान कोच का दरवाजा खुला होने के कारण तेज हवा की चपेट में आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चलती ट्रेन से नीचे गिर गए. पत्नी ने पति को ट्रेन से गिरते देखा तो तत्काल रेलवे की चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई. हादसे की जानकारी मिलने के बाद संबंधित रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया. आकस्मिक घटना दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.





