विधान परिषद चुनाव
सुप्रिया सुले के समधी अरुण लखानी को मैदान में उतारने की चर्चा

* वडेट्टीवार बोले- यह 100 करोड़ का चुनाव!
* शिवानी वडेट्टीवार का नाम आया सामने
नागपुर/दि.25 – आगामी विधान परिषद चुनाव में चंद्रपुर-गडचिरोली-वर्धा विधान परिषद सीट से भाजपा द्वारा सुप्रिया सुले के समधी अरुण लखानी को मैदान में उतारने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है. सुप्रिया सुले ने रविवार को दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण पत्र दिया. इस मौके पर सुप्रिया सुले के साथ बेटी रेवती सुले और दामाद सारंग लखानी भी मौजूद थे. इसके बाद भाजपा की ओर से विधान परिषद चुनाव में अरुण लखानी को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है. इस पर सोमवार को कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने पत्रकार परिषद में प्रतिक्रिया दी.
विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अरुण लखानी हों या कोई अन्य उद्योगपति, आखिर वे उद्योगपति ही हैं. अब उनके संबंध बड़े राजनीतिक परिवार से भी जुड़ गए हैं. ऐसे में आम आदमी के लिए ये चुनाव पहुंच से बाहर हो गए हैं. कम से कम हमारे जैसे लोगों के लिए तो ये चुनाव हमारी पहुंच से बाहर दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में विधान परिषद चुनाव एक उत्सव बन गया है. हमारे संपर्क में भी भाजपा के 100 नगरसेवक हैं. उनके भीतर भी आंतरिक विवाद हैं. लेकिन हम इस घोड़ाबाजार और तोड़फोड़ की राजनीति से दूर हैं. विधान परिषद चुनाव में प्रत्येक वोट के लिए 15 लाख रुपये का रेट तय हुआ है. कुछ नगरसेवकों को 5 लाख रुपये टोकन के तौर पर देकर अपने पक्ष में करने का काम शुरू है. इसलिए निष्पक्ष चुनाव होना और योग्य व्यक्ति का चुना जाना मुश्किल हो गया है. ऐसे चुनावों में व्यापारी और उद्योगपति पैसा लगाते हैं. इससे भविष्य में विधान परिषद चुनाव ठेकेदारों और उद्योगपतियों के हाथ में चले जाएंगे. आम आदमी भविष्य में विधान परिषद में दिखाई नहीं देगा. एक वोट के लिए 15 लाख रुपये का रेट है. नगरसेवकों को इतने पैसे मिलने के बाद उन्हें दिवाली जैसा माहौल लग रहा है. इस सबके कारण लोकतंत्र बचा रहेगा या नहीं, यह सवाल खड़ा हो गया है.
चंद्रपुर-गडचिरोली-वर्धा विधान परिषद सीट से शिवानी वडेट्टीवार के चुनाव लड़ने की चर्चा थी. हालांकि, इस चुनाव के लिए उनकी उम्र कम पड़ने के कारण उनके पीछे हटने की चर्चा भी थी. इस पर विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है. जब तक वरिष्ठ स्तर पर फैसला नहीं होता, तब तक मैं कोई निर्णय नहीं लूंगा. मैं अभी यह नहीं कहूंगा कि उन्होंने पीछे हटने का फैसला किया है. हम सभी स्थिति का आकलन कर रहे हैं. भाजपा किसे उम्मीदवार बनाती है और उनकी क्या रणनीति रहती है, उसी के आधार पर हम निर्णय लेंगे.





