भाजपा में बड़ा भूचाल

चंद्रपुर में 100 नगरसेवक कांग्रेस के संपर्क में?

* वडेट्टीवार के दावे से खलबली
चंद्रपुर/दि.25 – विधान परिषद चुनाव से पहले पूर्व विदर्भ में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस के 60 से अधिक नगरसेवकों के भाजपा के संपर्क में होने की चर्चा के बीच विजय वडेट्टीवार ने बड़ा दावा कर सनसनी फैला दी है. उनके अनुसार, भाजपा के 100 से ज्यादा नगरसेवक कांग्रेस के संपर्क में हैं. पार्टी छोड़ने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए वडेट्टीवार ने चुनाव में बढ़ते पैसों के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई है.
आगामी विधान परिषद चुनाव की पृष्ठभूमि में पूर्व विदर्भ से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. पूर्व विदर्भ के कांग्रेस के कुछ नगरसेवक संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं और उनके भाजपा के स्थानीय विधायक बंटी भांगड़िया के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है. चंद्रपुर और गडचिरोली के 60 से अधिक नगरसेवक अज्ञात स्थान पर होने की बात कही जा रही है. इसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा था. इसी बीच वडेट्टीवार के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है.
कांग्रेस के 60 से ज्यादा नगरसेवकों के गायब होने की चर्चा के बीच वडेट्टीवार ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा, हमारे संपर्क में भी भाजपा के 100 से ज्यादा नगरसेवक हैं. उनके अंदर भी भारी विवाद चल रहा है. दूसरा गुट हमारी मदद करने को तैयार है. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे नगरसेवक कौन हैं और किस इलाके से हैं. लेकिन उनके इस बयान के बाद भाजपा खेमे में भी बड़ी राजनीतिक हलचल मचने की संभावना जताई जा रही है.
* क्या बोले वडेट्टीवार?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार अभी तय नहीं हुआ है. आज दोपहर तीन बजे जूम मीटिंग होने वाली है, जिसमें महाविकास आघाड़ी में कौन सी सीट किस पार्टी को दी जाएगी, इस पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा, हमारे संपर्क में भाजपा के 100 से ज्यादा नगरसेवक हैं. उनके अंदर भी भारी विवाद है. दूसरा गुट हमारी मदद करने को तैयार है, लेकिन हम उस विवाद में नहीं पड़ते. वडेट्टीवार ने कहा कि उम्मीदवार तय नहीं होने के कारण कुछ लोगों को टोकन के रूप में पांच-पांच लाख रुपये दिए जाने की जानकारी मिली है. उन्होंने दावा किया कि यह 100 करोड़ रुपये का चुनाव है. उन्होंने कहा कि सिंदेवाही नगराध्यक्ष वापस आएंगे तो उन पर कार्रवाई होगी. जो नगरसेवक पार्टी के व्हिप के खिलाफ गए हैं, उन सभी पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
* पेट्रोल-डीजल संकट और महंगाई पर सरकार पर निशाना
पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर भी वडेट्टीवार ने सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा, यह कमी कृत्रिम नहीं है. अमेरिका ने फिर फैसला थोपते हुए कहा है कि भारत ईरान और रूस से तेल न खरीदे. इसलिए यह संकट सरकार की नीतियों के कारण पैदा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से पेट्रोल-डीजल की कमी हो रही है और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि पेट्रोल के दाम 150 रुपये प्रति लीटर और डीजल 140 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार एक साथ बड़ी बढ़ोतरी नहीं कर रही, बल्कि हर दिन एक-दो रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है. वडेट्टीवार ने इसे बेहद गंभीर स्थिति बताते हुए कहा कि देश में कोरोना से भी ज्यादा विस्फोटक हालात बन सकते हैं और देश बर्बादी की ओर जा सकता है. उन्होंने एपस्टीन फाइल और अडानी मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि देश अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है.

Back to top button