महावितरण ने 408 बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर किया समाधान

विशेष ग्राहक शिकायत निवारण शिविर में मिलीं 435 शिकायतें

* 27 मामलों का सात दिन में समाधान
अमरावती/दि.14 – बिजली उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का तत्काल समाधान करने के उद्देश्य से महावितरण की ओर से शनिवार को जिले में विशेष ग्राहक शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया. शिविर में कुल 435 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 408 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया. शेष 27 शिकायतों का अगले सात दिनों में निराकरण करने का आश्वासन महावितरण के अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाटे ने दिया. मुख्य अभियंता दिलीप दोडके के निर्देश पर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके संबंधित क्षेत्र में ही जल्द समाधान करने के लिए जिले के चार डिवीजनों में कुल 23 उपविभागों में यह विशेष पहल की गई.
* स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिल की सबसे ज्यादा शिकायतें
शिविर में प्राप्त 435 शिकायतों में सबसे अधिक 279 शिकायतें स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल से संबंधित थीं. इनमें से 260 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया. इसके अलावा 140 शिकायतें पुराने मीटर, मीटर खराब होने, नाम परिवर्तन तथा औसत बिजली बिल से संबंधित थीं. इनमें से 133 शिकायतों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया.
* नए कनेक्शन से लेकर नाम परिवर्तन तक शिकायतें
एक दिवसीय शिविर में नए बिजली कनेक्शन, नाम परिवर्तन, औसत बिल, बढ़े हुए बिजली बिल, पुराने एवं खराब मीटर तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी विभिन्न शिकायतें दर्ज की गईं. उपभोक्ताओं की समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने के लिए महावितरण के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी संबंधित केंद्रों पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करने के साथ ही स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और उसकी सटीकता के संबंध में भी जानकारी दी. शिकायतों का मौके पर निराकरण होने से बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिली.

Back to top button