रत्नागिरी में टला बडा हादसा
एसटी बस पर गिरी बिजली की तार

* कंडक्टर को लगा करंट
रत्नागिरी/दि.27- संगमेश्वर से उमरे की ओर जा रही एसटी बस पर बुधवार सुबह अचानक बिजली की तार गिरने से हड़कंप मच गया. फणसवणे स्थित उमरे फाटे के पास हुई इस घटना में बस की कंडक्टर प्राजक्ता शिगवण को बिजली का जोरदार झटका लगा और उन्हें मामूली चोट आई. चालक की सतर्कता और तत्काल बिजली आपूर्ति बंद होने से बड़ा हादसा टल गया. बस में उस समय केवल एक यात्री सवार था. जानकारी के अनुसार, चालक रवींद्र साप्ते सुबह करीब सात बजे एमएच 20 बीएल 2148 नंबर की उमरे एसटी बस लेकर संगमेश्वर बस स्टैंड से रवाना हुए थे. करीब साढ़े सात बजे बस फणसवणे के उमरे फाटे पर रामदास मिसल स्टॉल के पास पहुंची. इसी दौरान बिजली के खंभे के सपोर्ट का तनाव टूट गया और विद्युत प्रवाह वाली तार सीधे चलती बस पर गिर गई. तार बस पर गिरते ही कंडक्टर प्राजक्ता शिगवण को जोरदार करंट लगा. उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए सीट का सहारा लिया. इसी दौरान बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. शिगवण को मामूली चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने महावितरण के कर्मचारियों को जानकारी दी. इसके बाद लाइनमैन होडे अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली की तार हटाकर मार्ग को सुरक्षित किया. इस घटना के बाद संगमेश्वर तालुका में जर्जर बिजली के खंभों और तारों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है. स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सड़क किनारे स्थित जर्जर विद्युत व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके.





