अवैध साहूकारी पर अमरावती में बडी कार्रवाई
36 मामलों में एफआईआर, 51 आरोपी

* राज्य में सबसे अधिक कार्रवाई अमरावती जिले में
* 17 मामलों में 21.25 हेक्टेअर जमीन मूल मालिकों को लौटाई गई
अमरावती/दि.22- जिले में अवैध साहूकारी के खिलाफ सहकार विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है. जांच और सत्यापन के बाद अवैध साहूकारी के 36 मामले सामने आने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है. इन मामलों में कुल 51 लोगों को आरोपी बनाया गया है. राज्य में सबसे अधिक कार्रवाई अमरावती जिले में होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी शासन स्तर पर भी दखल ली गई है. अवैध साहूकारी के जरिए मनमाने तरीके से ब्याज वसूलकर नागरिकों के अर्थिक शोषण पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है.
महाराष्ट्र साहूकारी (नियमन) अधिनियम-2014 के तहत बिना लाईसेंस साहूकारी करना, गिरवी रखी संपत्ति को गैरकानूनी तरीके से अपने कब्जे में लेना और अत्याधिक ब्याज वसूलने पर रोक लगाने का प्रावधान है. अधिनियम की धारा 16 और 17 के तहत शिकायत मिलने पर निबंधकों को तलाशी और जांच अभियान चलाने का अधिकार है. वहीं, धारा 18 के तहत अवैध तरीके से कब्जाई गई अचल संपत्ति मूल मालिक या किसान को वापस दिलाने का प्रावधान है. कुछ मामलों में लाईसेंसधारी साहूकार भी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए हैं. इसलिए पंजीकृत साहूकारों के लिए अपना लाईसेंस और निर्धारित ब्याज दर सार्वजनिक रुप से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है. इसके बावजूद कई साहूकारों द्वारा इन नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं.
* 17 मामलों में 21.25 हेक्टेयर जमीन वापस
जिला उपनिबंधक कार्यालय में दर्ज 17 मामलों में कुल 21.25 हेक्टेअर जमीन मूल मालिकों और किसानों को वापस दिलाई जा चुकी है. इससे अवैध साहूकारी के कारण जमीन गंवाने वाले किसानों को राहत मिली है.
* सबूत के साथ शिकायत करें, भुयार
जिला उपनिबंधक राजेश भुयार ने कहा कि, अवैध साहूकारी के संबंध में नागरिकों को उपलब्ध सबूतों के साथ शिकायत दर्ज करनी चाहिए. शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.
* अमरावती तहसील में सबसे अधिक एफआईआर
सहकार अधिकारी सुधीर मानकर के अनुसार अमरावती तहसील में सबसे अधिक 17 एफआईआर और 22 आरोपी दर्ज किए गए हैं. चांदूर रेल्वे में 4 एफआईआर और 7 आरोपी हैं. इसके अलावा तिवसा, मोर्शी, धामणगांव रेलवे और चांदूर बाजार तहसीलों में भी 2 से 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं.





