मोर्शी में राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की बड़ी कार्रवाई
250 लीटर कच्ची शराब और तीन बाइक जब्त

मोर्शी /दि.5– राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने अवैध हाथभट्टी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान 250 लीटर अवैध देशी शराब तथा तीन दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं. जब्त किए गए माल की कुल कीमत 1 लाख 51 हजार 200 रुपये बताई गई है. यह कार्रवाई राज्य उत्पादन शुल्क आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख, विभागीय उपायुक्त डॉ. पराग नवलकर तथा अधीक्षक शशिकांत गर्जे के मार्गदर्शन में की गई. उत्पादन शुल्क विभाग को मोर्शी पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने विभिन्न स्थानों पर जाल बिछाकर कार्रवाई की.
पहली कार्रवाई में गिट्टीखदान निवासी आकाश प्रल्हाद रामटेके (26) को पाला-मोर्शी रोड स्थित श्मशानभूमि के पास से 80 लीटर हाथभट्टी शराब के साथ पकड़ा गया. उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. दूसरी कार्रवाई में गणेश धांडुजी कुमरे (24), निवासी गिट्टीखदान को मनिमपुर-भिवकुंडी मार्ग पर 120 लीटर हाथभट्टी शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया. उसके पास से बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुई. तीसरी कार्रवाई में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के दाबका निवासी रवि झामू अहाके (27) को वरुड-मोर्शी रोड पर जामगांव (खड़का) बस स्टॉप के पास 50 लीटर हाथभट्टी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से एमएच-27-आर-3106 नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई.
उत्पादन शुल्क विभाग के अनुसार तीनों मामलों में कुल 250 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं. यह कार्रवाई निरीक्षक सुभाष खरे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुंदन कुमरे, उपनिरीक्षक प्रशांत वानखेडे, जवान निलेश शेलके तथा भूषण नवघरे की टीम ने अंजाम दी. मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक प्रशांत वानखेडे कर रहे हैं.





