अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अमरावती में सामूहिक योगाभ्यास
हजारों नागरिकों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

अमरावती/दि.23– अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमरावती में रविवार सुबह स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला. अमरावती महानगरपालिका तथा श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सुबह 7 बजे शुरू हुए इस आयोजन में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना था. पूरे आयोजन के दौरान स्टेडियम परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा और प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम, ध्यान तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में विधि समिति की उपसभापति डॉ. मधुरा मिलिंद काहाले, अमरावती महानगरपालिका के पूर्व जोन क्रमांक-3, दस्तूर नगर कार्यालय के सहायक आयुक्त नितीन बोबड़े, सहायक क्षेत्रीय अधिकारी शेखर सोनकांबले, अभियंता मिलिंद काहाले तथा सुधीर रोहनकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया.
*विभिन्न संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में डिग्री कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, विदर्भ आयुर्वेद महाविद्यालय, पतंजलि योग समिति, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी तथा महाबैंक ग्रामीण स्वयं रोजगार प्रशिक्षण संस्था सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई. प्रशिक्षकों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न विधाओं का सामूहिक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के वैज्ञानिक और व्यावहारिक महत्व से अवगत कराया. योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है. वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में बढ़ते तनाव, मानसिक अस्थिरता और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत प्रभावी माध्यम है. नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित होती है.