योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

मंगलधाम कॉलोनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

अमरावती/दि. 22- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरोग्यम् प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केंद्र तथा जी.डी. पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलधाम कॉलोनी, दस्तूर नगर स्थित आरोग्यम् योग केंद्र परिसर में योग, ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश देने वाला विशेष कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
प्रातः आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जी.डी. पब्लिक स्कूल की मुख्याध्यापिका शितल देशमुख ने की. मुख्य मार्गदर्शक के रूप में वैशाली बोरकर उपस्थित थीं, जबकि कार्यक्रम का नियोजन एवं संयोजन आरोग्यम् प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केंद्र की योग प्रशिक्षिका जया ठाकरे (कडू) ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश तथा क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं के पूजन के साथ हुआ. इसके पश्चात श्री गुरुदेव सेवा मंडल द्वारा ध्यान एवं भजन प्रस्तुत किया गया. स्वागत नृत्य ने उपस्थित जनों में उत्साह का संचार किया.
आयोजन की प्रस्तावना में जया ठाकरे ने योग की प्राचीन भारतीय परंपरा, उसके वैश्विक महत्व तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि भारत द्वारा विश्व को प्रदान की गई इस अमूल्य ज्ञान परंपरा का लाभ आज 190 से अधिक देश उठा रहे हैं तथा स्वस्थ समाज निर्माण में योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र के माध्यम से महिलाओं को नियमित योग प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. इसके बाद योग साधिकाओं एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा ध्यान साधना का अभ्यास किया. अन्वी श्रीरामे ने जिम्नास्टिक का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जबकि पंखुड़ी गजभिये ने योग दिवस पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया.
वैशाली बोरकर ने सुजोक थेरेपी एवं ओरिजिन स्माइल मुद्रा मेडिटेशन के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए शरीर और मन के संतुलन, मानसिक स्वास्थ्य तथा सकारात्मक ऊर्जा के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि ध्यान, मुद्रा साधना और आत्मनियंत्रण के माध्यम से जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाए जा सकते हैं. अपने अध्यक्षीय संबोधन में शितल देशमुख ने कहा कि योग केवल व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है. नियमित योगाभ्यास से शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक स्थिरता और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त होता है. वर्तमान तनावपूर्ण जीवन में स्वस्थ, प्रसन्न और सकारात्मक बने रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है. इस अवसर पर उन्होंने ‘ताईची स्माइल मुद्रा’ का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों से उसका अभ्यास भी कराया.
कार्यक्रम का संचालन सौम्या पाटील एवं प्रज्ञा बागडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जया ठाकरे ने किया. कार्यक्रम की सफलता के लिए शीला इंगले, योगिता श्रीरामे, तन्वी श्रीरामे, मीनाक्षी पडोले, किरण ढेवले, मंदा येते, मीनाक्षी तनमले, ज्योति खरड, राधा राठोड, वैशाली विजयकर, अरुणा धंदर, जयश्री ठाकरे, विद्या लांजेवार, पुष्पा पाटील, छाया डोंगरे, अनुराधा अव्हाडकर, ईशान कडू, अतुल ठाकरे, सारिका कोठेकर, सारिका टाले, स्नेहा जुमडे, शिल्पा देशमुख, वेदिका देशमुख, सर्वज्ञ देशमुख, आदर्श बागडे, निसर्गा देशमुख तथा स्वागता देशमुख ने विशेष परिश्रम किए. योग, ध्यान, प्राकृतिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी संदेश देने वाले इस कार्यक्रम को क्षेत्र की महिलाओं एवं नागरिकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद प्राप्त हुआ.

Back to top button