जूनी बस्ती बडनेरा में मिनी ट्रक धधका
मालवाहक में चलते-चलते लगी आग

* देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक
अमरावती/दि.18 – बडनेरा के जुनी बस्ती क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक मालवाहक ऑटो में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई. शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हालांकि चालक की सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया और आसपास खड़े अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए.
जानकारी के अनुसार, शेख मोहसीन शेख हारून मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने मालवाहक ऑटो क्रमांक एमएच-27/एक्स-3412 को लेकर जुनी बस्ती बडनेरा स्थित पानी की टंकी के पास खड़ा था. इसी दौरान ऑटो की वायरिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वाहन में आग लग गई. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक शेख मोहसीन ने तुरंत ऑटो को अन्य वाहनों से दूर सड़क किनारे ले जाकर खड़ा कर दिया. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ऑटो धू-धू कर जलने लगा. घटना की सूचना मिलते ही मनपा के बडनेरा झोन स्थित अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची. दमकल चालक गोपाल भोकर, फायरमैन प्रज्वल हैगड तथा सहायक अर्जुन ठाकूर और नारायण पवार ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था.
उल्लेखनीय है कि घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित चमननगर क्षेत्र में उसी समय मनपा की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई चल रही थी. कार्रवाई के कारण क्षेत्र में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था. ऐसे में मालवाहक ऑटो में आग लगने की घटना से लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.





