आवारा कुत्ते के हमले में घायल सनिधि का पूरा इलाज कराएंगे विधायक रवि राणा

रेडिएंट अस्पताल पहुंचकर बच्ची का जाना हाल

* डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश
* प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
अमरावती /दि.18 – रुक्मिणी नगर क्षेत्र में आवारा कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई 10 वर्षीय सनिधि सचिन कावरे से विधायक रवि राणा ने गुरुवार रात रेडिएंट अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की. उन्होंने बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी डॉक्टरों से ली और परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
विधायक रवि राणा ने कहा कि सानिधि के इलाज में आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने घोषणा की कि युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से बच्ची के इलाज का पूरा खर्च वहन किया जाएगा, ताकि उसे सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों को विधायक राणा ने सनिधि का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनका हौसला भी बढ़ाया. विधायक के दौरे के समय अमरावती मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, डॉ. आनंद काकानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, शिक्षा सभापति प्रीति रेवणे, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, अजय जायसवाल, उदय पर्वतकर, डॉ. विशाल काले सहित नगर निगम के अधिकारी, युवा स्वाभिमान पार्टी के पदाधिकारी तथा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित थे. रवि राणा ने रुक्मिणी नगर में हुई इस घटना पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने मनपा प्रशासन को इस समस्या पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर तत्काल प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए तथा नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.

Back to top button