चेन स्नैचिंग के तीन आरोपी गिरफ्तार, 2.91 लाख रुपये का माल बरामद

60 वर्षीय महिला को चाकू दिखाकर छीनी थी सोने की चेन

* क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता
अमरावती/दि.18- अमरावती शहर की क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने नांदगांवपेठ थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन सहित कुल 2.91 लाख रुपये का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम केवल कॉलोनी निवासी सुमित उर्फ विक्की देवानंद ढोके (33), आम्रपाली कॉलोनी निवासी सुशील प्रवीण मेश्राम (22), विश्वप्रभा कॉलोनी निवासी रोहित लोमेश काले (22) है.
जानकारी के मुताबिक गजानन नगर निवासी उषा लक्ष्मण विहाड़े (60) ने 10 जुलाई को नांदगांवपेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को वह अपने घर में संचालित किराना दुकान पर मौजूद थीं. इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और चॉकलेट व चिप्स मांगे. सामान देने के बाद उनमें से एक ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया. शिकायत के आधार पर नांदगांवपेठ पुलिस ने मामला दर्ज किया था. इसके साथ ही क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने समानांतर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की. संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए नांदगांवपेठ पुलिस के हवाले कर दिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम केवल कॉलोनी निवासी सुमित उर्फ विक्की देवानंद ढोके (33), आम्रपाली कॉलोनी निवासी सुशील प्रवीण मेश्राम (22), विश्वप्रभा कॉलोनी निवासी रोहित लोमेश काले (22) है. इन आरोपियों से पुलिस ने 14.20 ग्राम सोने के आभूषण, ओला कंपनी की बिना नंबर की इलेक्ट्रिक मोपेड, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 91 हजार रुपये का माल जब्त किया है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-1) यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त नयन आलूरकर के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर, एपीआई मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, फिरोज खान, मंगेश लोखंडे, संभाजी केंद्रे, नाजीमोद्दीन सैयद, सचिन भोयर, रंजीत गावंडे, नरेश मोहरील, सूरज चव्हाण, सागर ठाकरे, निखिल गेडाम, चेतन शर्मा, प्रभात पोकले व चेतन गुल्हाने के दल ने की.

Back to top button