कठोरा रोड पर मनपा की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

10 दुकानदारों द्वारा पार्किंग में बनाए गए शेड हटाए

* जेसीबी और तीन ट्रकों से चला अभियान
अमरावती/दि.27- शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए अमरावती महानगरपालिका ने मंगलवार, 25 अगस्त को कठोरा रोड क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण निर्मूलन अभियान चलाया. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदवले के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग और जोन क्रमांक-1 की संयुक्त टीम ने साई शिखर अपार्टमेंट परिसर में कार्रवाई की.
साई शिखर अपार्टमेंट के करीब 10 दुकानदारों ने दुकानों के सामने स्थित पार्किंग की जगह पर कथित रूप से अनधिकृत लोहे के शेड खड़े कर रखे थे. साथ ही दुकान का सामान भी सार्वजनिक उपयोग की जगह पर रखा गया था. मनपा की ओर से संबंधित दुकानदारों को अतिक्रमण स्वयं हटाने की नोटिस दी गई थी. इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने दोपहर से धड़क कार्रवाई शुरू की. अतिक्रमण विभाग की टीम ने जेसीबी, तीन ट्रकों और कर्मचारियों के दल की मदद से अनधिकृत शेड तथा अन्य सामान हटाया. सड़क किनारे किए गए अनधिकृत पार्किंग, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्री और अन्य अतिक्रमण भी हटाकर परिसर को साफ किया गया. मनपा प्रशासन के अनुसार, व्यापारियों को कार्रवाई से पहले पूर्व सूचना दी गई थी. कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रशासन ने संयम बरतते हुए नियमानुसार कार्रवाई पूरी की.
* अतिक्रमणमुक्त शहर के लिए अभियान जारी रहेगा
मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदवले ने कहा कि अतिक्रमणमुक्त शहर नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक है. सड़कें और सार्वजनिक स्थान सभी के उपयोग के लिए हैं. अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और शहर की सुंदरता भी प्रभावित होती है. इसलिए अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा. आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई करने के संकेत मनपा प्रशासन ने दिए हैं. इसके लिए विशेष दल गठित किए गए हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करेंगे.
* नागरिकों से सहयोग की अपील
मनपा ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और यातायात के लिए सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें. कठोरा रोड पर की गई कार्रवाई को शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. यह कार्रवाई अतिक्रमण निर्मूलन पथक प्रमुख योगेश कोल्हे, जोन क्रमांक-1 के अभियंता अंकुर डवरे और संदीप सोनवणे की उपस्थिति में की गई. अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मनपा के अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे.

Back to top button