अंजनगांव की नताशा गवई ने सीए फाउंडेशन परीक्षा में हासिल की सफलता
मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प को मिला सुनहरा मुकाम

अंजनगांव सुर्जी /दि.4- अंजनगांव सुर्जी शहर की नताशा नामदेवराव गवई ने देश की प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाउंडेशन परीक्षा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उत्तीर्ण कर अपने परिवार और पूरे शहर का गौरव बढ़ाया है. कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और सफलता के प्रति अटूट समर्पण के बल पर हासिल की गई इस उपलब्धि की हर ओर सराहना हो रही है तथा विभिन्न क्षेत्रों से उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां मिल रही हैं.
सीए परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. ऐसे कठिन सफर के पहले ही चरण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर नताशा ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. उनकी इस उपलब्धि से अंजनगांव सुर्जी के विद्यार्थियों में भी नई प्रेरणा का संचार हुआ है और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बल मिला है. नताशा के पिता नामदेवराव गवई अंजनगांव सुर्जी तहसील कार्यालय में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. साधारण परिवार से आने वाली नताशा ने पारिवारिक संस्कार, माता-पिता के प्रोत्साहन और अपनी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की है. उनकी उपलब्धि के पीछे परिवार का मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नताशा की इस शानदार सफलता पर परिजन, मित्र, शिक्षक, सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित शहरवासियों ने उन्हें बधाई दी है. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे आगे भी सीए की आगामी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अंजनगांव सुर्जी, जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी.





