राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 28 जून को

1 लाख 45 हजार 540 बालकों को पोलिओ डोज देने का लक्ष्य

* जिले में 1998 टीकाकरण केंद्र गठित
अमरावती /दि.23– भारत का पोलियोमुक्त दर्जा बनाए रखने के लिए केंद्र शासन के राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत रविवार 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो प्रतिबंधक टीके की दो बूंदें पिलाई जाएंगी. भारत को वर्ष 2014 में पोलियोमुक्त घोषित किया गया था, लेकिन विश्व के कुछ देशों में पोलियो वायरस के अस्तित्व के कारण सतर्कता बरतना आवश्यक है.
इस बार अभियान में जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के कुल 1 लाख 45 हजार 540 बालकों को पोलिओ डोज देने का लक्ष्य निश्चित किया गया है. इसके लिए संपूर्ण जिले में 1998 टीकाकरण केंद्र स्थापित किये गये है. प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारी, आशा वर्कर, अंगणवाडी सेविका तथा स्वयंसेवक की नियुक्ति की गई है. अभियान के दिन सभी बालकों को पास के टिकाकरण केंद्र पर पोलिओ डोज देने के बाद टीकाकरण से कोई भी बालक वंचित न रहने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में आगामी तीन दिन और शहरी क्षेत्र में पांच दिन विशेष घर-घर अभियान चलाया जाने वाला है. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण पारिसे ने सभी पालकों से आवाहन किया है कि, अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नजदीकी पोलियों बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं. पोलिओमुक्त समाज निर्माण करने के लिए नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय सहभाग दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग को सहयोग करने का अनुरोध भी डॉ. प्रवीण पारिसे ने किया है.

Back to top button