नवनियुक्त नगर आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने संभाला मोर्चा

सभी विभागों का किया निरीक्षण

* प्रथमदर्शनी भाग को आकर्षक करने के निर्देश
* रिकॉर्ड रुम व्यवस्थित करने और बैठक व्यवस्था सुधारने की भी सूचना
अमरावती/दि.13 – अमरावती मनपा के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को मुख्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने विभागवार कामकाज, नागरिक सेवाओं, लंबित मामलों और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली तथा प्रशासन को अधिक गतिशील, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने पर जोर दिया. उन्होंने संपूर्ण मनपा परिसर का अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए प्रथमदर्शनी भाग को सुधारकर आकर्षित करने के साथ ही रिकॉर्ड रुम व्यवस्थित करने और पार्किंग व बैठक व्यवस्था सुधारने के संबंधितों को निर्देश दिये.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर नागरिकों को दी जा रही सेवाओं, लंबित प्रस्तावों, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सभी आवेदन और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए. डॉ. गोंदावले ने विकास कार्यों की गुणवत्ता, निधि के प्रभावी उपयोग और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूरी करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य, कर वसूली, भवन अनुमति, अभियांत्रिकी, नगर नियोजन, लेखा, सूचना प्रौद्योगिकी और नागरिक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए. सुबह 11 बजे के दौरान नये मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने मनपा के प्रवेश द्वार से लेकर इमारतों और हर विभागों के कामकाज का निरीक्षण किया. उन्होंने दर्शनी भाग में दिखते चैनल गेट वाली इमारत को दुरुस्त करने के साथ ही परिसर की पार्किंग व्यवस्था में भी सुधार लाने पर जोर दिया. पश्चात जन्म-मृत्यु विभाग नगर रचना विभाग समेत सभी विभागों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड रुम को व्यवस्थित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि, प्रशासन ने काम करते समय वातावरण अच्छा रहना चाहिए. उन्होंने नई प्रशासकीय इमारत बाबत भी अधिकारियों से चर्चा की.
इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, सहायक आयुक्त श्रीकांत सिंह चौहान, भूषण पुसतकर, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव, सहायक निर्वाचन एवं सांख्यिकी अधिकारी अक्षय निलंगे, शहर अभियंता कांबले तथा आयुक्त के स्वीय सहायक चेतन मेश्राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

Back to top button