निखिल ठाकरे को मिली राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस की कमान
अजीत पवार गुट ने युवा नेतृत्व पर जताया भरोसा, बारामती में सुनेत्रा पवार ने सौंपा नियुक्ति पत्र

* विदर्भ से प्रदेश नेतृत्व तक का सफर, बोले- युवाओं की ताकत से ही मजबूत होगा संगठन, हर जिले और सर्कल तक पहुंचाएंगे राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस
अमरावती/दि.6 – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) ने अपने युवा संगठन को नई दिशा देने की कवायद के तहत अमरावती के युवा नेता निखिल ठाकरे को राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है. गुरुवार को बारामती में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन की सबसे महत्वपूर्ण युवा जिम्मेदारी सौंपी. निखिल ठाकरे की नियुक्ति को केवल एक संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि पार्टी द्वारा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.
बता दे कि, निखिल ठाकरे वरिष्ठ राष्ट्रवादी नेता तथा पूर्व जिला परिषद अध्यक्षा सुरेखा ठाकरे के सुपुत्र हैं. पिछले डेढ़ दशक से वे राष्ट्रवादी कांग्रेस के छात्र और युवा संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. संगठन में उनके लंबे अनुभव, विदर्भ क्षेत्र में मजबूत पकड़ तथा युवा कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय संवाद को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.
* चयन प्रक्रिया के बाद हुआ फैसला, कई दावेदारों को पीछे छोड़ा
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए इस बार नियुक्ति प्रक्रिया को विशेष रूप से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाया गया था. राज्य के विभिन्न हिस्सों से लगभग 22 से 25 इच्छुक युवा नेताओं ने इस पद के लिए आवेदन किया था. सभी आवेदनों का संगठन स्तर पर परीक्षण किया गया और उम्मीदवारों की संगठन क्षमता, राजनीतिक सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता तथा भविष्य की कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए अंतिम चयन किया गया. लंबी प्रक्रिया के बाद निखिल ठाकरे के नाम पर सहमति बनी और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया. बताया जा रहा है कि वे कम से कम अगले तीन वर्षों तक राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहेंगे.
* सुनेत्रा पवार, प्रफुल्ल पटेल और तटकरे का जताया आभार
नियुक्ति के बाद निखिल ठाकरे ने पार्टी नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार, कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे, वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, पार्थ पवार तथा जय पवार का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस विश्वास को संगठन विस्तार और युवाओं के सशक्तिकरण के माध्यम से सार्थक बनाने का प्रयास किया जाएगा.
* 2013 से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
ज्ञात रहे कि, निखिल ठाकरे का राजनीतिक सफर वर्ष 2013 में राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस से शुरू हुआ. छात्र राजनीति के दौरान उन्हें राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस का प्रदेश उपाध्यक्ष तथा विदर्भ अध्यक्ष बनाया गया. इस दौरान उन्होंने महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संगठन को मजबूत करने का काम किया. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस में प्रदेश महासचिव, प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्याध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया. पार्टी संगठन के विभिन्न स्तरों पर काम करने के कारण उन्हें कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं, संगठन की चुनौतियों और राजनीतिक परिस्थितियों का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ.
इसके उपरांत जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन हुआ और अजीत पवार के नेतृत्व में नया राजनीतिक समीकरण बना, तब निखिल ठाकरे ने अजीत पवार गुट का समर्थन किया. उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के विदर्भ अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी. विदर्भ में संगठन विस्तार और युवा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में उनकी भूमिका को पार्टी नेतृत्व ने सराहा था.
* ‘युवा साथ नहीं तो कोई भी दल हो सकता है खोखला’
नियुक्ति के बाद दैनिक ‘अमरावती मंडल’ को दिए अपने पहले विशेष साक्षात्कार में निखिल ठाकरे ने स्पष्ट कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा कार्यकर्ता होते हैं. चुनावी राजनीति में युवा केवल मतदाता नहीं, बल्कि संगठन की ऊर्जा और जनसंपर्क की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि चुनाव युवाओं के भरोसे लड़े और जीते जाते हैं. यदि युवाओं का विश्वास और सहभागिता किसी दल के साथ नहीं हो, तो वह संगठन धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाता है. इसी कारण राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस को राज्य के प्रत्येक जिले, तहसील और सर्कल स्तर तक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी.
* हर जिले और सर्कल में बनेगी सशक्त कार्यकारिणी
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष निखिल ठाकरे ने बताया कि आने वाले समय में संगठन विस्तार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र, तहसील और सर्कल स्तर पर नई कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा. युवा नेतृत्व को अवसर देने के साथ-साथ संगठन में नए चेहरों को भी स्थान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल पदाधिकारी नियुक्त करना नहीं, बल्कि ऐसा सक्रिय नेटवर्क तैयार करना है जो समाज और युवाओं की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए कार्य करे.
* रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास पर रहेगा विशेष फोकस
निखिल ठाकरे ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है. राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस राज्यभर के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए विशेष पहल करेगी. उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उद्यमिता विकास योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने का काम संगठन के माध्यम से किया जाएगा. युवाओं को केवल राजनीति से जोड़ना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना भी संगठन की जिम्मेदारी है.
* ग्रामीण युवाओं और किसानों के बेटों पर विशेष ध्यान
निखिल ठाकरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की समस्याएं शहरी युवाओं से अलग हैं. गांवों में रोजगार के सीमित अवसर होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन करना पड़ता है. राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस ग्रामीण युवाओं के लिए कृषि आधारित उद्योग, दुग्ध व्यवसाय, पशुपालन, मत्स्य व्यवसाय, कृषि प्रसंस्करण उद्योग तथा पारंपरिक व्यवसायों से जुड़ी योजनाओं को बढ़ावा देने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े परिवारों के युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक, मूल्य संवर्धन और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे.
* सभी वर्गों और क्षेत्रों के युवाओं को साथ लाने का संकल्प
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष निखिल ठाकरे ने कहा कि राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस किसी एक क्षेत्र, जाति या वर्ग तक सीमित संगठन नहीं बनेगी. राज्य के सभी क्षेत्रों और सभी सामाजिक वर्गों के युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. विद्यार्थियों, बेरोजगार युवाओं, पेशेवरों, उद्यमियों और ग्रामीण युवाओं के लिए अलग-अलग कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की सोच स्पष्ट है कि आने वाला समय युवाओं का है और युवाओं को नेतृत्व में उचित प्रतिनिधित्व दिए बिना कोई भी राजनीतिक संगठन भविष्य की चुनौतियों का सामना नहीं कर सकता.
* विदर्भ के लिए गौरव का क्षण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि निखिल ठाकरे की नियुक्ति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विदर्भ क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि है. लंबे समय बाद विदर्भ के किसी युवा नेता को राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस जैसे बड़े संगठन की प्रदेश स्तरीय कमान मिली है. इससे क्षेत्र के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को नए स्तर पर सक्रियता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. पार्टी सूत्रों का मानना है कि आगामी स्थानीय निकाय, विधानसभा और अन्य चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवा संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति के तहत यह नियुक्ति की गई है. ऐसे में निखिल ठाकरे के नेतृत्व में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस की आगामी भूमिका पर पूरे महाराष्ट्र की राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी.





