कुख्यात चेन स्नेचर धरा गया, दो घटनाओं का पर्दाफाश

4.20 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद

* कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.2- शहर पुलिस ने महिलाओं के पर्स से सोने के गहने चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया है. कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 28 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये है, बरामद किए हैं. गिरफ्तारी आरोपी का नाम राजूरा पारधी बेडा निवासी उमेश शिवलिंगदास भोसले (22) है.
जानकारी के मुताबिक पहली घटना में 3 जून को चिखलदरा निवासी वैशाली सुरेश जंवाजल (45) अपनी बेटी के साथ बापट चौक पर खरीदारी करने आई थीं. सपना फुटवेयर के पास फुटपाथ पर चप्पल खरीदते समय उन्होंने भुगतान करने के लिए पर्स खोला तो उसमें रखे करीब 23 ग्राम सोने के गहने गायब मिले. इस मामले में कोतवाली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया. दूसरी घटना में वलगांव निवासी अस्मा बी शेख अकील (28) अपने पति के साथ आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए जूनी तहसील कार्यालय आई थीं. लाइन में खड़े रहने के दौरान जब उन्होंने पर्स खोला तो उसमें रखे करीब 8.5 ग्राम सोने के गहने चोरी हो चुके थे. इस संबंध में सिटी कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया.
दोनों मामलों की जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजूरा पारधी बेडा निवासी उमेश शिवलिंगदास भोसले (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मामलों में चोरी किए गए कुल 28 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये है, जब्त कर लिए. यह कार्रवाई अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2) श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले, कोतवाली के थानेदार रोशन सिरसाट, निरीक्षक मंगला वाकडे, तुषार गावंडे, रंगराव जाधव, हरीश बुंदेले, मंगेश भेलाये, प्रमोद हरणे, प्रदीप राठोड, आकाश इंगोले, बाबूसिंह राठोड, मंगेश दीघेकर, अथर बेग, नीलेश कांडलकर, राजेश सदांशिवे, आनंद जाधव के दल ने की.

Back to top button