सोशल मीडिया पर गड़बड़ी करने वालों पर अब ‘गरुड़ दृष्टि’ की नजर

अमरावती/दि.24– सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और साइबर अपराध से जुड़ी पोस्ट पुलिस के लिए लगातार बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं. इसी को देखते हुए अमरावती ग्रामीण पुलिस ने पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम की संकल्पना से ‘गरुड़ दृष्टि’ नामक विशेष अभियान शुरू किया है. इस पहल का उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना और समय रहते कार्रवाई करना है.
इस अभियान के तहत ग्रामीण साइबर पुलिस स्टेशन द्वारा जिलेभर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की 24 घंटे निगरानी (247 साइबर पेट्रोलिंग) की जा रही है. जिले के सभी 31 पुलिस स्टेशनों के कार्यक्षेत्र में सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. पुलिस के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने, भाईगिरी दिखाने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता पाया गया, तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती चोरी और अन्य अपराधों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी गश्त व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है. इसके लिए प्रत्येक पुलिस स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग करेंगे तथा जियो-टैगिंग प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे. इससे गश्त की निगरानी अधिक पारदर्शी और प्रभावी हो सकेगी तथा पुलिस प्रशासन को वास्तविक समय में पेट्रोलिंग की जानकारी प्राप्त होगी. ग्रामीण पुलिस का मानना है कि ‘गरुड़ दृष्टि’ अभियान से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भड़काऊ सामग्री और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.





