ईवीएम पर आरोप लगाने वाले आत्ममंथन करें

भाजपा गुटनेता व पार्षद राजेश मांगलेकर का कांग्रेस पर तंज

अमरावती /दि.24- विधानसभा, लोकसभा और महानगरपालिका चुनावों में हार के बाद लगातार ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को अब आत्ममंथन करने की जरूरत है. यह तंज चिखलदरा नगर परिषद के भाजपा गुटनेता तथा पार्षद राजेश मांगलेकर ने विधान परिषद चुनाव के संदर्भ में कसा है.
मांगलेकर ने कहा कि विधानसभा हो, लोकसभा हो या फिर महानगरपालिका चुनाव, हार के बाद कांग्रेस द्वारा ईवीएम को दोष देना एक परंपरा बन गई है. लेकिन विधान परिषद चुनाव में मतदान बैलेट पेपर से होने के बावजूद राज्य में भाजपा के छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. ऐसे में ईवीएम का सवाल ही नहीं उठता और कांग्रेस के आरोपों में मौजूद विरोधाभास जनता के सामने उजागर हो गया है. उन्होंने कहा कि भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण आम नागरिकों का विश्वास भाजपा के प्रति और मजबूत हुआ है. इसी वजह से लोग स्वेच्छा से भाजपा के विचारों को स्वीकार कर रहे हैं और पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है.
राजेश मांगलेकर ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर लगातार सवाल खड़े करने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए. जनता का समर्थन विकास, पारदर्शिता और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में है, इसलिए भाजपा को मिल रही सफलता जनता के विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने विश्वास जताया कि अमरावती विधान परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रवीण पोटे-पाटिल रिकॉर्ड मतों से विजयी हुए. महायुति के सभी घटक दलों ने भाजपा का भरपूर समर्थन किया है. इतना ही नहीं, कांग्रेस द्वारा व्हिप जारी किए जाने के बावजूद कुछ सदस्यों ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने का साहस दिखाया, ऐसा दावा भी उन्होंने किया. मांगलेकर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब विधान परिषद का चुनाव बैलेट पेपर से होने के बावजूद कांग्रेस को कहीं सफलता नहीं मिल रही है, तो अब उसे यह आत्ममंथन करना चाहिए कि गड़बड़ी ईवीएम में है या फिर कांग्रेस के भीतर ही कुछ समस्या है.

Back to top button