फिर एक बार ‘लॉकडाउन’ जैसी स्थिति! ‘इन’ जगहों पर ‘ऑरेंज अलर्ट’
विदर्भ में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है

* कल से बदलाव की आशा, कहीं-कहीं बारिश की संभावना
नागपुर/ दि.27- राज्य में अप्रैल महीने में ही तापमान का संकट गहरा गया है. आमतौर पर मई में तापमान के रिकॉर्ड बनते हैं, लेकिन इस साल अप्रैल में ही सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं. खासकर विदर्भ में तापमान ने उच्चांक छू लिया है और ‘लॉकडाउन’ जैसी स्थिति बन गई है.
सूरज अभी भी आग उगल रहा है
महाराष्ट्र में अप्रैल के अंत में मौसम में फिर बड़े बदलाव की संभावना है. बेमौसम बारिश का खतरा कम हुआ है, लेकिन सूरज आग उगल रहा है. अधिकतम तापमान 46 डिग्री से ऊपर चला गया है. ऐसे में 27 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने खतरे का अलर्ट जारी किया है. विदर्भ में झुलसा देने वाली गर्मी की लहर आने का अनुमान है. रविवार को अकोला और अमरावती में क्रमशः 46.9 और 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं वर्धा में 46.4 और यवतमाल में 46 डिग्री तापमान रहा.
‘इन’ जिलों को ऑरेंज और येलो अलर्ट
विदर्भ में तापमान तेजी से बढ़ा है और झुलसा देने वाली गर्मी महसूस हो रही है. रविवार को विदर्भ के चार जिलों में तापमान 46 डिग्री से ऊपर गया. वहीं दो जिलों में 45 और पांच जिलों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर रहा. सोमवार को विदर्भ में गर्मी की लहर का अलर्ट जारी किया गया है. अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों को ‘ऑरेंज अलर्ट’ दिया गया है. जबकि नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा और बुलढाणा जिलों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा. सोमवार को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मंगलवार से फिर विदर्भ में बेमौसम बारिश सक्रिय होने की संभावना है.
मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र में भी बढ़ेगी गर्मी
मराठवाड़ा में भी तापमान बढ़ रहा है और सोमवार को इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है. मौसम शुष्क रहेगा और तापमान फिर बढ़ेगा. अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहेगा. उत्तर महाराष्ट्र के नाशिक, धुले, नंदुरबार, जळगांव आदि क्षेत्रों में भी तापमान बढ़ गया है. सोमवार को मौसम गर्म और शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक रहेगा और तेज गर्मी महसूस होगी.
कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में बेमौसम का खतरा टला
कोंकण में पिछले कुछ समय से गर्म और उमस भरा मौसम बना हुआ है. सोमवार को बेमौसम बारिश का कोई खतरा नहीं है. मुंबई सहित पूरे कोंकण में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक जाने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में भी बेमौसम बारिश का खतरा टल गया है. सोमवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी. अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक जाएगा और रात का तापमान 26 डिग्री तक रहेगा, जिससे तेज गर्मी महसूस होगी.





