पी. आर. पोटे पाटिल इंजीनियरिंग कॉलेज का शानदार प्रदर्शन
देश में पांचवा और राज्य में एकमात्र

अमरावती/दि.24 – अमरावती के पीआर पोटे पाटिल कॉलेज ऑफ इंजिनीयरिंग एण्ड मैंनेजमेंट ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. शिक्षा मंत्रालय, नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल और एडुस्किल्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एआईसीटीई-एडुस्किल्स वर्चुअल इंटर्नशिप के 15वें बैच (जनवरी-मार्च 2026) के राष्ट्रीय मूल्यांकन में कॉलेज ने देश के टॉप 10 इंजीनियरिंग संस्थानों में 5वां स्थान प्राप्त किया है.
यह उपलब्धि न केवल संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि इसे महाराष्ट्र का एकमात्र ऐसा इंजीनियरिंग कॉलेज बनाती है जिसने इस रैंकिंग में सर्वोच्च स्थान हासिल किया. इससे अमरावती जिले का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है.
* पिछले बैच में भी शानदार प्रदर्शन
इससे पहले 14वें बैच (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में 2214 छात्रों ने सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी की थी, जिसमें संस्थान को महाराष्ट्र में पहला और देश में दूसरा स्थान मिला था. वहीं 15वें बैच में 1683 छात्रों ने सफलतापूर्वक वर्चुअल इंटर्नशिप पूरी की.
* नई तकनीकों में प्रशिक्षण
इस पहल के तहत छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और रोबोटिक्स जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में उद्योग-आधारित प्रशिक्षण दिया गया. मूल्यांकन के दौरान छात्र संख्या, प्रोजेक्ट पूर्णता दर, इंडस्ट्री फीडबैक, नवाचार और समग्र प्रदर्शन जैसे मानकों को ध्यान में रखा गया. इन सभी मानकों पर कॉलेज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की. छात्रों ने न केवल बड़ी संख्या में भाग लिया, बल्कि नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा भी साबित की. कई छात्रों को इंडस्ट्री से प्रमाणित सर्टिफिकेट मिले, वहीं कुछ को प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर भी प्राप्त हुए.
संस्थान के प्राचार्य डॉ. पी. एम. जावंधिया ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय फैकल्टी, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विभाग, इंटर्नशिप सेल और छात्रों की संयुक्त मेहनत को दिया. इस सफलता से छात्रों में भी उत्साह बढ़ा है और उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में और अधिक सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया है.





