नाबालिगों के यौन शोषण अश्लील वीडियो वायरल कांड
एहफाज खान को 27 तक पीसीआर, तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत

परतवाड़ा/अचलपुर/दि.24 – इस समय देशभर में चर्चा का विषय बने अयान गैंग से जुड़े नाबालिगों के यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल कांड में पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है. मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को गत रोज अचलपुर के जिला व अतिरिक्त सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने अलग-अलग आदेश जारी किए. सुनवाई के दौरान सहायक शासकीय अधिवक्ता डी. ए. नवले ने अदालत में जोरदार पैरवी करते हुए आरोपी एहफाज खान मंसूर अली खान की पुलिस कस्टडी बढ़ाने की मांग की. जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए एहफाज खान को 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी रिमांड में रखने का आदेश जारी किया. वहीं अन्य तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, एहफाज खान के पास से एक विक्टस कंपनी का लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट, तोशिबा हार्ड डिस्क और एप्पल आईफोन जब्त किया गया है. इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की विस्तृत जांच के लिए पुलिस कस्टडी आवश्यक बताई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सागर पाटिल ने एहफाज खान को 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी (पीसीआर) में भेजने के आदेश दिए. वहीं अन्य आरोपी मानव सुगंधे, शेख नावेद और मोहम्मद इमरान को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उन्हें 7 मई तक अमरावती सेंट्रल जेल में रखा जाएगा.
सरकारी पक्ष के अनुसार, मानव सुगंधे के फ्लैट की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि नावेद और इमरान के संबंध में यह सामने आया है कि उन्हें अश्लील वीडियो किसी अन्य व्यक्ति ने भेजे थे, जिन्हें उन्होंने आगे फॉरवर्ड किया. आरोपी मानव की ओर से अधिवक्ता हेमंत गायकवाड़ और निश्चय वरखड़े ने पैरवी की, जबकि अन्य आरोपियों की ओर से अधिवक्ता शौकत अली और नावेद अदालत में उपस्थित रहे.
पुलिस का मानना है कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच से मामले में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं. जांच एजेंसियां इस कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही हैं. इस सनसनीखेज मामले में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
* कोचिंग क्लास चलानेवाले एहफाज खान की मुश्कीलें बढी
विशेष उल्लेखनीय है कि, एक बार फिर पुलिस कस्टडी रिमांड में भेजा गया एहफाज खान मंसूर खान निजी कोचिंग क्लास चलाता है. जिसका न्यूड वीडियो वायरल कांड में अच्छा-खासा हाथ था. आरोपी उजेर खान ने अयान अहमद के मोबाइल से न्यूड वीडियो को चुराकर अपने मोबाइल में लेते हुए वे सभी वीडियो एहफाज खान सहित मोहम्मद इमरान व शेख नावेद को भेजे थे. जिन्होंने उन सभी वीडियो को सोशल मीडिया के जरिए वायरल कर दिया था. ऐसे में पुलिस द्वारा इस मामले को लेकर अयान अहमद व उजेर खान के साथ-साथ एहफाज खान से भी कडाई के साथ पूछताछ की जा रही है.





