सीईओ सत्यम गांधी का औचक निरीक्षण

सलोना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत समिति कार्यालय पहुंचे

* सफाई व अनुशासन पर सख्त रुख
अमरावती/दि.24 – जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी ने चिखलदरा दौरे के दौरान सलोना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत समिति का औचक निरीक्षण कर प्रशासन को सतर्क रहने का स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि अचानक निरीक्षण के दौरान ही वास्तविक स्थिति सामने आती है, इसलिए सभी कर्मचारी अनुशासन और कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दें.
चिखलदरा पहुंचने से पहले सीईओ ने सलोना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वार्ड, दवा भंडार, ड्रेसिंग रूम, हिरकणी रूम, ईसीजी कक्ष और सीटीसी हॉल का जायजा लिया. साथ ही बिजली जाने की स्थिति में जनरेटर की कार्यक्षमता, स्टाफ क्वार्टर की स्थिति और एम्बुलेंस की उपलब्धता की भी जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान स्टाफ की कुल पदसंख्या, रिक्त पद और उपलब्ध मानवबल की समीक्षा की गई. फ्लाइंग स्क्वॉड की कार्यप्रणाली और सीएचओ की नियमित रिपोर्टिंग पर भी सवाल किए गए. साफ-सफाई की स्थिति को लेकर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि पर्याप्त सफाई कर्मचारी होने के बावजूद यदि व्यवस्था ठीक नहीं रहती है, तो यह गंभीर लापरवाही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार सुधार नहीं दिखने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. केशव कंकाल अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.
* पंचायत समिति में भी सख्ती
इसके बाद सीईओ ने चिखलदरा पंचायत समिति का बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण किया. अचानक हुए दौरे से कार्यालय में कुछ समय के लिए हलचल मच गई. उन्होंने परिसर और गार्डन की साफ-सफाई का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए. इसके बाद कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और स्पष्ट किया कि अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. बिना कारण कार्यालय से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए. सीईओ ने विभिन्न विभागों में जाकर ‘टेबल टू टेबल’ कर्मचारियों से संवाद किया और उनके कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपना जॉब चार्ट अपडेट रखने, पहचान पत्र पहनने और नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए.
* लाभार्थियों से सीधे संवाद
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक लाभार्थी से फोन पर सीधे बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है या नहीं. इस दौरान कृषि विभाग के विस्तार अधिकारी वाडीभस्मे अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए और भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई. इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत समिति स्तर पर अनुशासन, साफ-सफाई और कार्यकुशलता को लेकर स्पष्ट संदेश गया है. प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह अब और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा.

Back to top button