परतवाड़ा की बेटी डॉ. रिधिमा अग्रवाल ने बढ़ाया शहर का मान
एमबीबीएस फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण, बधाइयों का तांता

परतवाड़ा/दि.18– परतवाड़ा शहर के लिए गर्व और खुशी का अवसर है. शहर के सुप्रसिद्ध आर्किटेक्ट अमित कचरूलाल अग्रवाल की सुपुत्री डॉ. रिधिमा अग्रवाल ने एमबीबीएस की अंतिम परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. उनकी इस सफलता पर परिवार, मित्रों तथा शहरवासियों द्वारा उनका अभिनंदन किया जा रहा है.
डॉ. रिधिमा बचपन से ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं. उन्होंने अपनी प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा परतवाड़ा स्थित अवंत ग्रेड स्कूल से पूरी की. स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का निर्णय लिया और नागपुर के प्रतिष्ठित एनकेपी सालवे इंस्टीट्यूट ऑफ मेेडिकल सायंस एण्ड रिसर्च सेंटर में प्रवेश लिया. कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की है. डॉ. रिधिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में बिताया गया हर पल उनके लिए सीखने का अवसर रहा. फाइनल ईयर का दबाव काफी था, लेकिन स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत के कारण वे सफलता हासिल कर सकीं. डॉ. रिधिमा की इस उपलब्धि से अग्रवाल परिवार के साथ-साथ परतवाड़ा शहर का भी गौरव बढ़ा है. विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.





