एनएलएम योजना के लंबित प्रस्तावों को तुरंत मिले मंजूरी
विधायक बच्चू कडू ने केन्द्र एवं राज्य सरकारों से की मांग

* मंजूरी नहीं मिलने पर 13 जुलाई को पुणे में धरना देने की चेतावनी
अमरावती/ दि. 22 – राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) के अंतर्गत बकरी-भेड़ पालन परियोजनाओं को केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिलने पर विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व राज्यमंत्री बच्चू कड़ू ने आंदोलन की चेतावनी दी है. इस संबंध में उन्होंने केन्द्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह, महाराष्ट्र की पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे तथा राज्य के पशु संवर्धन आयुक्त के नाम पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
पत्र में विधायक बच्चू कड़ू ने कहा है कि राज्य के अनेक किसानों और पशुपालकों ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत बकरी-भेड पालन परियोजनाओं के लिए आवेदन किए हैं. इन आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने तथा आवश्यक दस्तावेज जुटाने में प्रत्येक लाभार्थी को लगभग 1.50 लाख से 2 लाख रुपये तक खर्च करना पड़ा है. इसके बावजूद अनेक प्रस्ताव अब तक केंद्र सरकार की मंजूरी के इंतजार में लंबित हैं. उन्होंने कहा कि मंजूरी में हो रही देरी के कारण लाभार्थियों को आर्थिक, मानसिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार संबंधित विभागों से संपर्क और पत्राचार करने के बाद भी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लाभार्थियों में भारी नाराजगी व्याप्त है.
अपने पत्र के जरिए विधायक बच्चू कड़ू ने संबंधितों से मांग की है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल करें और सभी लंबित प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि लंबित प्रकरणों को जल्द मंजूरी नहीं मिली और लाभार्थियों को न्याय नहीं मिला, तो 13 जुलाई 2026 को पुणे स्थित पशुसंवर्धन विभाग के आयुक्त कार्यालय के समक्ष ठिय्या आंदोलन किया जाएगा. इस आंदोलन में बड़ी संख्या में प्रभावित लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है. विधायक बच्चू कड़ू ने कहा कि किसानों और पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए वे यह लड़ाई अंत तक लड़ेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.