फायरिंग प्रकरण को लेकर पुलिस आयुक्त ‘एक्शन’ मोड पर

आज रात नागपुरी गेट थाने में जमाएंगे डेरा

* संपूर्ण घटनाक्रम में पुलिस जांच की करेंगे समीक्षा
* 12 आरोपी अभी भी है फरार
अमरावती /दि.22- नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के असोरिया पेट्रोल पंप के सामने शनिवार 20 जून की रात पुरानी दुश्मनी के चलते हुए जानलेवा हमले के दौरान की गई फायरिंग प्रकरण में पुलिस आयुक्त राकेश ओला अब काफी आक्रामक और एक्शन मोड पर है. उन्होंने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आज शाम नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचकर इस प्रकरण में पुलिस जांच की समीक्षा करने के संकेत दिये है. बता दें कि, आरोपियों ने घटना वाले दिन तीक्ष्ण हथियार हाथों में लहराते हुए काफी नंगानाच कर दहशत मचाने का प्रयास किया था. इस सनसनीखेज प्रकरण में 12 आरोपी अभी भी फरार बताये जाते है.
अमरावती शहर में नागपुरी गेट थाना क्षेत्र हमेशा किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में रहा है. इस थाना क्षेत्र में आये दिन संगीन घटनाएं घटित होती रहती है. इससे अनेक बार तनावपूर्ण परिस्थिति भी निर्माण हुई है. एमडी, गांजा की अवैध बिक्री, तस्करी भी इसी थाना क्षेत्र की सीमा में होती रहती है. पुलिस रिकॉर्ड पर रहे अनेक हिस्ट्रीशीटर अपने पास अवैध रुप से हथियार भी रखते पाये गये है. तलवार, चाकू, देशी कट्टे, इस थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पुलिस ने अब तक अनेक बार बरामद किये है. शनिवार 20 जून की रात पुरानी रंजिश के चलते 18 से 20 युवकों के गिरोह ने असोरिया पेट्रोल पंप के सामने मंसुर भाई के पानठेले के पास मौलाना आजाद कालोनी निवासी सोहेब अहमद एजाज अहमद (35) अपने भाई और एक परिचित के साथ बातचीत करता खडा था, तब सैयद तौसिफ 4 से 5 दुपहिया वाहनों पर अपने साथियों के साथ सशस्त्र वहां पहुंचा और कोई कुछ समझते उसके पूर्व ही सैयद तौसिफ सैयद नासिर ने गाडी से नीचे उतरकर सोहेब अहमद एजाज अहमद (35) पर देशी कट्टे से गोली चला दी, लेकिन सोहेब अहमद नीचे झूक गया, इस कारण उसकी जान बच गई. लेकिन तब रहमत उल्ला ने सोहेब के पीठ पर चाकू से वार कर दिया. इस हमले में सोहेब गंभीर रुप से घायल हो गया. उसी दौरान तीसरे आरोपी अरबाज ने भी गोलीबारी की. पश्चात गाडी पर आये सभी लोग नीचे उतरे और हाथों में तलवार लहराते हुए परिसर में खडे नागरिकों की तरफ देखकर चीखने लगे. ‘देख क्या रहे हो, वहां से भाग जाओ’, ऐसा कहते हुए दहशत मचाना शुरु कर दिया. व्यवसायी अपने दुकानों के शटर गिराकर वहां से भाग गये. इसी दौरान सोहेब, उसका भाई और तीसरा साथी अपनी जान बचाकर भाग गये. पश्चात परिचितों की सहायता से अस्पताल पहुंचे.
इस घटना से नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में फिर से दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है. यह घटना पुरानी दुश्मनी के चलते घटित हुई और परिसर में वर्चस्व निर्माण करने के लिए फायरिंग की गई. बताया जाता है कि, सैयद तौसिफ सैयद नासीर के पिता के साथ सोहेब के भाई का काफी समय पूर्व झगडा हुआ था. उस समय सोहेब के भाई पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था, उसी का बदला लेने के लिए सैयद तौसिफ ने अपने साथियों के साथ यह हमला किया. लेकिन अब पुलिस आयुक्त राकेश ओला इस घटना को लेकर काफी गंभीर है और एक्शन मोड पर आ गये है. इस प्रकरण में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार है. जबकि 12 अन्य अभी भी फरार है. उनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.
* सीपी का आज पुलिस स्टेशन में डेरा
सूत्रों के मुताबिक पुलिस आयुक्त राकेश ओला आज सोमवार की शाम नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचकर इस संपूर्ण घटनाक्रम की समीक्षा करने वाले है. साथ ही घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा लेने वाले है. असोरिया पेट्रोल पंप के पास इसके पूर्व भी अनेक संगीन घटनाएं घटित हुई है. इस कारण इस परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी की मांग भी नागरिकों में तेज हो गई है. क्योंकि किसी भी समय इस परिसर में छोटी-छोटी बातों को लेकर चाकू-तलवार निकलना आम बात हो गई है. इससे व्यापार पर भी असर होने लगा है. कोई भी घटना घटित होने पर तनाव निर्माण हो जाता है और व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान बंद कर जान बचाने भागना पडता है.
* कुल 19 आरोपियों पर मामला दर्ज
सोहेब अहमद और उसके भाई पर हुए हमले व फायरिंग प्रकरण में पुलिस ने सैयद तौसीफ, रहमतउल्ला, अरबाज, मो. सुफियान मो. मन्नान, सुफियान पटेल अन्नू पटेल, साहिल मुश्ताक, रेहान मतीन, अल्लमस सैयद गफ्फार, सोहेब, सैयद सोयेब सैयद गफ्फार उर्फ फैज, सलमान उस्मान, गोलू, वसीम, मुन्नू, अकील, अलीम व इन अन्यों का समावेश रहने का आरोप जख्मी सोहेब अहमद ने अपनी शिकायत में किया है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न दल रवाना किये गये है.
* अधिकारियों व जवानों से करेंगे बातचीत
सूत्रों के मुताबिक पुलिस आयुक्त राकेश ओला इस प्रकरण में आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किये गये हथियारों में से कितने हथियार अब तक जब्त हुए, इस बाबत जानकारी लेने वाले है. साथ ही अधिकारी, जवानों के साथ क्राइम ब्रांच के अधिकारियों से भी बातचीत कर आगे की कार्रवाई को लेकर आवश्यक निर्देश देने वाले है.

Back to top button