अमरावती में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर पुलिस का एक्शन
विभिन्न इलाकों से अनेक लोग हिरासत में, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती /दि.9- शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने गाडगे नगर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. इस दौरान सिंधी चौक समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे शराब पी रहे कई लोगों को हिरासत में लिया गया.
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं, जिससे राहगीरों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने अचानक छापेमारी की. अभियान के दौरान कई लोग सड़क किनारे खुलेआम शराब पीते हुए मिले. पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध है और भविष्य में भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए या कानून-व्यवस्था भंग करते हुए दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी. क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.