21 कारतूस बरामदगी मामले में जेल में बंद अभिजीत मात्रे को पुलिस ने लिया कब्जे में
गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ में सामने आया था मात्रे का नाम

* अब कारतूस के स्त्रोत की होगी जांच
अमरावती /दि.13- शहर की फ्रेजरपुरा पुलिस द्वारा हाल ही में 21 जिंदा कारतूस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद मामले की जांच अब आगे बढ़ गई है. पूछताछ में कारतूस की सप्लाई के तार अचलपुर निवासी और वर्तमान में अमरावती मध्यवर्ती कारागृह में बंद अभिजीत मात्रे से जुड़ने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने अचलपुर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर अभिजीत मात्रे को जेल से आज गुरूवार 13 अगस्त को अपने कब्जे में लिया है.
गौरतलब है कि 4 अगस्त को एक महिला को कथित रूप से झूठे मामले में फंसाने की साजिश के तहत उसके घर में जिंदा कारतूस फेंकने की शिकायत सामने आई थी. इस मामले में पुलिस ने विवेक गायकवाड़, ऋषिकेश तरोडे और आकाश सपकाल को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान पुलिस ने विवेक गायकवाड़ के पास से 6, ऋषिकेश तरोडे के पास से 12 और आकाश सपकाल के पास से 3 जिंदा कारतूस बरामद किए. इस तरह जब्त कारतूसों की कुल संख्या 21 हो गई. सभी कारतूसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है.
* सात हजार रुपये में खरीदे थे कारतूस
पुलिस जांच में सामने आया कि विवेक गायकवाड़ को कारतूस ऋषिकेश तरोडे ने दिए थे. पूछताछ में ऋषिकेश ने कथित तौर पर बताया कि उसने 18 कारतूस आकाश सपकाल से 7 हजार रुपये में खरीदे थे. वहीं, आकाश से पूछताछ में कारतूस का संबंध जेल में बंद अचलपुर निवासी अभिजीत मात्रे से सामने आया. इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ी को आगे जोड़ते हुए अभिजीत मात्रे को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट के तहत अचलपुर न्यायालय से अनुमति लेकर गुरूवार 13 अगस्त को जेल से अपने कब्जे में लिया है.
* एटीएस ने भी की पूछताछ
बरामद कारतूसों की संख्या और मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) के अधिकारियों ने भी फ्रेजरपुरा थाने पहुंचकर तीनों गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की. अधिकारियों ने कारतूस कितने पुराने हैं, उनका स्रोत क्या है और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटाई.
* अब अभिजीत से होगी गहन पूछताछ
अभिजीत मात्रे को प्रोडक्शन वारंट पर पुलिस के कब्जे में लेने के बाद अब उसकी पुलिस कस्टडी लेकर पूछताछ की जाएगी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि 21 कारतूसों में शामिल कारतूस उसे कहां से मिले, किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराए और इन्हें आरोपियों तक पहुंचाने के पीछे क्या उद्देश्य था. पुलिस के मुताबिक अभिजीत मात्रे के खिलाफ पूर्व में हत्या और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं. फिलहाल कारतूस बरामदगी प्रकरण में पुलिस सभी संभावित कड़ियों की जांच कर रही है. तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय द्वारा एमसीआर भेजे जाने की जानकारी है. मामले की फॉरेंसिक रिपोर्ट और आगे की पूछताछ के बाद कारतूस के स्रोत को लेकर और खुलासे होने की संभावना है.





