नांदेड़ गुरुद्वारे में पंजाब के पूर्व डीसीएम सुखबीरसिंह बादल पर हमला
तलवार से किया गया वार, हाथ और कंधे पर चोट, हालत खतरे से बाहर, हमलावर गिरफ्तार

नांदेड़/दि.13 – शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष तथा पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीरसिंह बादल पर गुरुवार को नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा परिसर में तलवार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है. हमले में उनके हाथ और कंधे पर चोट आई है. घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखबीरसिंह बादल अपनी पत्नी व सांसद हरसिमरतकौर बादल तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गुरुद्वारे में दर्शन के लिए पहुंचे थे. सुबह लगभग 11 बजे एक निहंग व्यक्ति ने अचानक तलवार निकालकर उन पर हमला कर दिया. हमलावर ने उनके हाथ और कंधे पर वार किया, जिससे वे घायल हो गए.
सूत्रों के अनुसार, हमले के समय सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. हमले के समय गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा कर्मी और सेवादार मौजूद थे. उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू में कर लिया. बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि घटना के समय वहां कुछ अन्य निहंग भी मौजूद थे. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
हमले के बाद सुखबीरसिंह बादल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनके हाथ में चोट आई है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है और किसी प्रकार का गंभीर खतरा नहीं है. घटना के बाद नांदेड़ पुलिस ने हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमला व्यक्तिगत रंजिश, धार्मिक मतभेद या किसी अन्य कारण से किया गया. आरोपी से पूछताछ जारी है.
* पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीरसिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में भी हमले का प्रयास हुआ था. उस समय एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण बड़ा हादसा टल गया था.