नासिक में फर्जी नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश

10 लाख के बदले 30 लाख की नकली करेंसी का लालच

* बंगले में चल रहा था नकली नोट छापने का कारखाना
* पांच आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त
नासिक /दि.13- नासिक जिले में नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. त्र्यंबकेश्वर रोड स्थित तलेगांव के एक निजी बंगले में चल रहे इस अवैध कारोबार पर छापा मारकर पुलिस ने लाखों रुपये की नकली करेंसी, प्रिंटिंग सामग्री, रसायन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को 10 लाख रुपये की असली करेंसी के बदले 30 लाख रुपये की नकली नोटें देने का लालच देकर ठगी का जाल बिछा रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया.
जांच में सामने आया कि तलेगांव स्थित एक बंगले को नकली नोट बनाने के अड्डे में तब्दील कर दिया गया था. यहां विशेष तकनीक और रसायनों की मदद से नोट तैयार किए जा रहे थे. आरोपी असली नोटों को विशेष केमिकल में डुबोकर उनकी स्याही दूसरे कागज पर स्थानांतरित करने की तरकीब अपनाते थे और उन्हें असली जैसी दिखने वाली नकली करेंसी में बदल देते थे.
पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह नकली नोटों का बड़ा सौदा करने वाला है. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा और मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरेश्वर आइथा, मच्छिंद्र घनदाट, हिरामण दाते, गोकुल दाते और दासरी सत्यई के रूप में हुई है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार नकली नोटें, प्रिंटिंग मशीनों में उपयोग होने वाली सामग्री, विशेष रसायन तथा अन्य उपकरण बरामद किए. अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये में है.
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोटों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
तलेगांव जैसे अपेक्षाकृत शांत इलाके के एक बंगले में इतने बड़े स्तर पर नकली नोटों का कारोबार संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने इसे हाल के वर्षों में नकली मुद्रा के खिलाफ की गई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक बताया है. मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

Back to top button