कत्ल के लिए लाए गए 28 गोवंशों को पुलिस ने बचाया
8.30 लाख रुपये का माल जब्त

* क्राइम ब्रांच की तीन जगहों पर बड़ी कार्रवाई
अमरावती/दि.27– बकरी ईद के मद्देनजर शहर में अवैध गोवंश कटाई रोकने के लिए अमरावती पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से 28 गोवंशों को मुक्त कराया. पुलिस ने करीब 8 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के गोवंश जब्त कर उन्हें सुरक्षित रूप से गौरक्षण संस्था को सौंप दिया. संबंधित मामलों में अपराध भी दर्ज किए गए हैं.
जानकारी के अनुसार पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की चार विशेष टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर अवैध धंधों और संभावित अवैध गोवंश कटाई रोकने के उद्देश्य से की गई. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकरी ईद के दौरान अवैध रूप से गोवंश कटाई करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
* नागपुरी गेट क्षेत्र में 5 गोवंश बरामद
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के हैदरपुरा इलाके में एक गोदाम में गोवंशों को बांधकर रखा गया है. पुलिस ने छापा मारकर वहां से 5 गोवंश बरामद किए. लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये मूल्य के इन गोवंशों को कब्जे में लेकर दस्तूर नगर स्थित गौरक्षण संस्था भेजा गया. मामले में संबंधित आरोपी के खिलाफ नागपुरी गेट पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया है.
* बडनेरा क्षेत्र से 17 गोवंश मुक्त
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बडनेरा क्षेत्र के आयेशा नगर-चमन नगर के पास पिंपरी रोड पर झाड़ियों में गोवंशों को बांधकर रखा गया है. पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर 17 छोटे-बड़े गोवंश बरामद किए. लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के इन पशुओं को पशु चिकित्सकों की मदद से सुरक्षित गौरक्षण संस्था पहुंचाया गया. इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
* गाडगे नगर में टीन शेड से 6 गोवंश बरामद
इसी तरह गाडगे नगर क्षेत्र की पैराडाइज कॉलोनी में एक टीन शेड में गोवंश बांधकर रखे जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की. यहां से 6 गोवंश बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है. सभी पशुओं को संरक्षण के लिए गौरक्षण संस्था भेज दिया गया. इस कार्रवाई में एपीआई मनीष वाकोडे, महेश इंगोले, दशरथ आडे, गजानन सोनुने, सुनील लासुरकर, फिरोज खान, सतीश देशमुख, दीपक सुंदरकर सहित क्राइम ब्रांच के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया.





