वडरपुरा टेकडी पर पेड से लटका मिला वृद्ध का शव

पैसे लेकर निकले थे गांव जाने के लिए, पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

अमरावती /दि.27– फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वडरपुरा इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पेड से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मर्ग दर्ज कर रजांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वडरपुरा निवासी लक्ष्मण श्यामराव शिंदे (70) के रुप में हुई है. मामले में मृतक के रिश्तेदार लक्ष्मण शंकरराव देवार (54) ने फ्रेजरपुरा थाने में जानकारी दी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि, मृतक लक्ष्मण शिंदे उनके दामाद थे और परिवार सहित वडरपुरा क्षेत्र में रहते थे. वे मजदूरी का काम करते थे. सोमवार 25 मई की सुबह करीब 9 बजे मृतक ने घर से गांव जाने की बात कहकर कुछ पैसे लिए और घर से निकल गए. दोपहर करीब 12 बजे शिकायतकर्ता जब सीमेंट लेकर घर लौटे तो आसपास के लोगों में चर्चा हो रही थी कि वडरपुरा की टेकडी पर एक व्यक्ति ने पेड से फांसी लगा ली है. जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि, मृतक लक्ष्मण शिंदे पेड से लटके हुए थे. स्थानीय लोगों ने तुरंत फ्रेजरपुरा पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस को दिए बयान में बताया कि, मृतक की मौत को लेकर उन्हें किसी पर कोई संदेह नहीं है. इसके आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने आकस्मिक घटना का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है.

Back to top button